मुंबई स्थित महाराष्ट्र विधानसभा सचिवालय में बम रखे होने की खबर सामने आई है।
नई दिल्ली। मुंबई स्थित महाराष्ट्र विधानसभा सचिवालय ( Maharashtra Legislature Secretariat ) में बम रखे होने की खबर सामने आई है। सचिवालय में बम होने की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस ( Mumbai Police ) में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में बम निरोधक दस्ता ( Bomb Detection and Disposal Squad ) मौके पर जांच के लिए रवाना किया गया। पुलिस की मानें तो प्रथम दृष्टया यह खबर झूठी निकलने की आशंका है। हालांकि अभी मामले की जांच की जा रही है।
सचिवालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई
एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार नागपुर निवासी सागर नाम के शख्स ने रविवार दोपहर करीब 12.40 बजे फोन पर सचिवालय में बम रखने की होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस हरकत में आ गई और बम निरोधक दस्ते को मामले की जांच में लगाया गया। वहीं, मुंबई पुलिस का कहना है कि बम की सूचना मिलने के बाद सचिवालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने बताया कि बम होने की सूचना आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष को दी गईथी। फिलहाल किस नंबर से फोन आया था, इसकी भी जांच की जा रही है।