
बामनवास में रिटायर्ड फौजी की हत्या के बाद मौका निरीक्षण करते आईजी। फोटो- पत्रिका
चिड़ावा। थाना क्षेत्र के बामनवास गांव में मामूली कहासुनी के बाद चाकू से हमला कर रिटायर्ड फौजी उदयवीर चाहर (50) पुत्र भगवान सिंह चाहर की हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी की गिरफ्तारी और उसका अवैध मकान हटाने की मांग को लेकर नेशनल हाईवे जाम कर दिया। करीब पौने पांच घंटे तक चले जाम के बाद प्रशासन के आश्वासन और बुलडोजर कार्रवाई के बाद मामला शांत हुआ। देर शाम पुलिस ने आरोपी अकरम को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 8:30 बजे उदयवीर गांव की एक दुकान पर आया था। इसी दौरान गांव का ही अकरम वहां बाइक पर पहुंचा। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। उस समय अकरम वहां से चिड़ावा-हीरवा रोड की तरफ चला गया, लेकिन कुछ देर बाद वह वापस लौटा और तैश में आकर उदयवीर के पेट में चाकू घोंप दिया और मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने उदयवीर को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के विरोध में सोमवार सुबह ग्रामीणों ने पहले बामनवास गांव में धरना दिया, फिर करीब 9:30 बजे लाखू के पास दिल्ली-बीकानेर नेशनल हाईवे जाम कर दिया। ग्रामीणों ने आरोपी की गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता, एक सदस्य को नौकरी और गोचर भूमि पर बने अवैध मकान को ध्वस्त करने की मांग रखी।
सूचना मिलते ही एडीएम अजय कुमार आर्य सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाइश की। इसके बाद जेसीबी मशीन से आरोपी के जोहड़ में बने अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई शुरू होने के बाद ग्रामीणों ने जाम हटा दिया।
उधर जयपुर आईजी राहुल प्रकाश ने एसपी कावेंद्र सागर के साथ बामनवास गांव पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। मृतक के भतीजे की रिपोर्ट पर आरोपी अकरम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।
यह वीडियो भी देखें
वहीं दूसरी तरफ पुलिस थाना धनूरी ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस टीम ने 84 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी संजय गौतम के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि झुंझुनूं-बिसाऊ रोड स्थित एक होटल के पास एक व्यक्ति अवैध गांजा लेकर बैठा है और उसे बेचने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुरेश(43) पुत्र रामस्वरूप , निवासी चुडैला, थाना धनूरी बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 84 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
Updated on:
30 Mar 2026 07:26 pm
Published on:
30 Mar 2026 07:26 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
