27 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नक्सल विरोधी अभियान को रफ्तार… अब तक 518 नक्सलियों का समर्पण, यहां स्थापित हुआ नवीन सुरक्षा कैंप

Naxal News: नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा और विकास को मजबूती देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी ‘‘नियद नेल्लानार योजना’’ के तहत ग्राम तुमालभट्टी में नवीन सुरक्षा कैंप की स्थापना की गई।

2 min read
Google source verification
यूएसटीआर में जल्द खुलेगा सीआरपीएफ कैंप, वाइल्ड लाइफ के लिए बनेगी स्टैंडिंग कमेटी

CG Naxal News: नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा और विकास को मजबूती देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी ‘‘नियद नेल्लानार योजना’’ के तहत ग्राम तुमालभट्टी में नवीन सुरक्षा कैंप की स्थापना की गई। 8 सितंबर 2025 को पुलिस प्रशासन ने इस कैंप की स्थापना कर क्षेत्रीय सुरक्षा और विकास का नया अध्याय शुरू किया।

तुमालभट्टी सुरक्षा कैंप की स्थापना पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी., पुलिस उप महानिरीक्षक कमलोचन कश्यप, उप महानिरीक्षक राजेश पांडेय, कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और नेतृत्व में हुई। भारी बारिश और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद सुरक्षा बलों ने साहस और प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए इस कैंप को स्थापित किया।

नया कैंप न केवल नक्सलियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाएगा, बल्कि ग्रामीणों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में भी मददगार होगा। कोंटा से किस्टाराम तक सीधा संपर्क स्थापित करने की दिशा में यह कदम अहम साबित होगा। इसके बाद दूरी लगभग आधी हो जाएगी और क्षेत्रीय संपर्क बेहतर होगा। ग्रामीणों को सड़क, पुल, बिजली, पानी, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और मोबाइल कनेक्टिविटी जैसी सुविधाएं मिलने का रास्ता खुलेगा।

शांति व समृद्धि की ओर कदम

ग्रामीणों ने इस कैंप का स्वागत किया है और इसमें सुरक्षा के साथ-साथ विकास की उम्मीद भी देखी है। प्रशासन का यह कदम न केवल नक्सल प्रभाव को कम करेगा बल्कि क्षेत्र में स्थिरता, आत्मनिर्भरता और खुशहाली का मार्ग प्रशस्त करेगा।

नक्सल उन्मूलन में उल्लेखनीय प्रगति

पुलिस प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2024 से अब तक सुकमा जिले में 14 नए सुरक्षा कैंप स्थापित किए गए हैं। इनमें टेकलगुड़ेम, पुवर्ती, मुकराजकोण्डा, दुलेड़, पुलनपाड़, लखापाल, तुमालपाड़, रायगुड़े़म, गोलाकोंडा, गोमगुड़ा, मेटागुड़ेम, उसकावाया, नुलकातोंग और ताजा स्थापित तुमालभट्टी शामिल हैं। इन अभियानों के चलते अब तक 518 नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं, 63 नक्सली मारे गए हैं और 447 नक्सली गिरफ्तार किए गए हैं। यह सुरक्षा बलों की रणनीति और संकल्प का बड़ा परिणाम है।