25 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

दतिया उपचुनाव: ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भरी हुंकार, सुनाया 1984 का वो खास किस्सा

Datia-By-Election : बड़ौनी में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भाजपा प्रत्याशी के जनसभा रे दौरान मांगे वोट। सभा में लोगों से बोले- सिंधिया परिवार हर सुख-दुख में दतिया के लोगों के साथ है।
2 min read
Google source verification
Datia-By-Election

Datia-By-Election (दतिया उपचुनाव में उतरें ज्योतिरादित्य सिंधिया Photo Source- Patrika)

Jyotiraditya Scindia :मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार अभियान में भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बड़ौनी में आयोजित विशाल आमसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के पक्ष में मतदान की अपील की। उन्होंने भाजपा को केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एकात्मवाद की विचारधारा बताते हुए कहा कि, इसकी नीव उनकी आजी अम्मा विजयाराजे सिंधिया ने रखी थी।

सिंधिया ने कहा कि, वो दिल्ली से मंत्री बनकर नहीं, बल्कि दतिया के परिवार के सदस्य के रूप में आए हैं। उन्होंने कहा कि, 'आपके सुख के हर पल में भले हम मौजूद न रहे हों, लेकिन पिछले 300 साल में ऐसा कोई समय नहीं आया, जब संकट और विपदा में सिंधिया परिवार आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा न हुआ हो। उन्होंने अपने पुराने दौरों का उल्लेख करते हुए कहा कि, साल 1984 में उनके पिता ने उन्हें क्षेत्र का भ्रमण करने भेजा था। उस समय सड़कें नहीं थीं और लोग पगडंडियों से सफर करते थे, लेकिन आज दतिया में सड़क नेटवर्क में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि, उनके पिता ने ताज एक्सप्रेस का दतिया में ठहराव दिलाया था और अब दतिया में ताज तथा झेलम एक्सप्रेस दोनों का स्टॉपेज है।

गांवों तक पहुंचाई बिजली

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, क्षेत्र के लोगों की मांग पर केंद्रीय विद्यालय, ग्रामीण विद्युतीकरण और पेयजल जैसी योजनाओं पर तेजी से काम हुआ। उन्होंने दावा किया कि, 200 करोड़ रुपए की ग्रामीण विद्युतीकरण योजना से गांवों तक बिजली पहुंची। दतिया के लिए 100 करोड़ रुपए का एयरपोर्ट स्वीकृत कराया गया और पेयजल व्यवस्था पर भी 100 करोड़ रुपए खर्च किए गए। उन्होंने कहा कि, ग्वालियर-भिंड-इटावा फोरलेन परियोजना भी जल्द शुरू होगी।

भ्रष्टाचार के कारण गिरी 2018 में बनी सरकार- सिंधिया

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि, साल 2018 में बनी सरकार भ्रष्टाचार के कारण गिर गई। उन्होंने कहा कि, जिस तरह विजयाराजे सिंधिया ने तत्कालीन सरकार को चुनौती दी थी, उसी तरह उन्होंने भी कांग्रेस सरकार को सत्ता से हटाने का काम किया। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि और लाड़ली बहना जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है।

आशुतोष तिवारी के पक्ष में मांगे वोट

सिंधिया ने ये भी कहा कि, विकास की रफ्तार बनाए रखने के लिए भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को भारी मतों से विजयी बनाना जरूरी है। इससे पूर्व कार्यक्रम को मंत्री राकेश शुक्ला, सांसद संध्या राय, जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह एवं विधायक करैरा प्रीतम सिंह लोधी ने भी संबोधित किया। सभा में वरिष्ठ भाजपा नेता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।