
Datia By-Election Result (भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर Photo Source- Patrika)
Datia News: मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। शुरुआती दौर में जहां आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी दामोदर यादव ने सभी को चौंकाते हुए पहले तीन राउंड तक बढ़त बनाए रखी थी, वहीं चौथे राउंड से चुनावी तस्वीर पूरी तरह बदल गई। कांग्रेस ने जोरदार वापसी करते हुए बढ़त हासिल की और अब पांचवें राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह 308 वोटों की बढ़त के साथ पहले स्थान पर रहे। जबकि, सामने आए छठे राउंड के रुझान में कांग्रेस ने रिकॉर्ड 1498 वोटों की बढ़त हासिल की है। इस तरह अब घनश्याम सिंह भाजपा से कुल 1806 वोटों से आगे निकल गए हैं।
दतिया उपचुनाव के लाइव अपडेट की बात करें तो छठे राउंड में भाजपा को इस 3311 वोट प्रप्त हुए हैं। जबकि कांग्रेस को 4809 मिले हैं। जबकि, आजाज समाज पार्टी को 914 वोट मिले हैं। छठे राउंड में कांग्रेस 1498 वोट से आगे हो गई है। वहीं, पिछले पांच राउंड की बढ़त और छठे राउंड की बढ़त के हिसाब से ओवर ऑल काग्रेस अब 1806 वोटों से आगे निकल गई है।
शुरुआती तीन राउंड में दामोदर यादव को कुल 551 वोट मिले थे और वे पहले स्थान पर थे। कांग्रेस के घनश्याम सिंह 450 वोटों के साथ दूसरे तथा भाजपा के आशुतोष तिवारी 410 वोट लेकर तीसरे स्थान पर थे। हालांकि चौथे राउंड की मतगणना में कांग्रेस को भारी बढ़त मिली, जिससे उसने न केवल भाजपा बल्कि आजाद समाज पार्टी को भी पीछे छोड़ दिया।
चौथे राउंड के बाद कांग्रेस के पक्ष में चुनावी माहौल बनता दिखाई दिया और पांचवें राउंड में भी यह बढ़त कायम रही। पांचवें राउंड में भाजपा को 4,282, कांग्रेस को 3,757 तथा आजाद समाज पार्टी को 1,978 वोट मिले। इन मतों को जोड़ने के बाद कुल मतगणना में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह 308 वोटों की बढ़त के साथ पहले स्थान पर बने हुए हैं। भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी दूसरे स्थान पर हैं, जबकि आजाद समाज पार्टी के दामोदर यादव तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।
मतगणना के शुरुआती रुझानों में आसपा की बढ़त ने चुनाव को त्रिकोणीय मुकाबले का संकेत दिया था, लेकिन चौथे और पांचवें राउंड में कांग्रेस की तेज बढ़त ने मुकाबले को कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधी टक्कर में बदल दिया है। अब तक के रुझान यह संकेत दे रहे हैं कि हर राउंड के साथ चुनावी समीकरण बदल रहे हैं और मामूली अंतर भी परिणाम को प्रभावित कर सकता है।
हालांकि अभी 10 राउंड की मतगणना शेष है, इसलिए अंतिम परिणाम को लेकर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। फिलहाल, कांग्रेस ने बढ़त बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है, जबकि भाजपा अगले राउंड में अंतर कम करने की कोशिश में है। दूसरी ओर, आजाद समाज पार्टी की नजर भी आगामी राउंड में बेहतर प्रदर्शन कर फिर से मुकाबले को रोचक बनाने पर रहेगी।
Updated on:
03 Aug 2026 12:49 pm
Published on:
03 Aug 2026 12:49 pm
