13 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Dausa News: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर शराब से भरा कंटेनर पलटा, पुलिस पहुंचने से पहले ग्रामीण बोतलें ले गए

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर अवैध शराब से भरा कंटेनर पलटने के बाद तस्करी का मामला सामने आया है। हादसे के बाद सड़क पर शराब की बोतलें बिखर गईं। पुलिस के पहुंचने से पहले कुछ ग्रामीण बोतलें उठाकर ले गए, जबकि पुलिस ने कंटेनर और बरामद सामान कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
2 min read
Google source verification

दौसा

image

Kamal Mishra

Sep 13, 2026

dausa news

Dausa: सांकेतिक तस्वीर (फोटो-एआई)

दौसा। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर सोमवार सुबह राहुवास थाना क्षेत्र में अवैध शराब से भरा कंटेनर अनियंत्रित होकर पलट गया। कंटेनर दिल्ली से मुंबई की ओर जा रहा था। हादसे के बाद कंटेनर में छिपाकर रखे शराब के कार्टन और बोतलें सड़क पर बिखर गईं। दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। वहीं, पुलिस के पहुंचने से पहले कुछ ग्रामीण सड़क पर बिखरी शराब की बोतलें उठाकर ले गए।

जानकारी के अनुसार कंटेनर में भूसे और बुरादे से भरे कट्टों की आड़ में शराब के कार्टन छिपाकर रखे गए थे। एक्सप्रेस-वे पर अचानक कंटेनर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद कंटेनर क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें रखे कट्टे तथा शराब के कार्टन सड़क पर फैल गए। कई शराब की बोतलें गिरने के कारण टूट भी गईं।

पुलिस ने कंटेनर को जब्त किया

दुर्घटना की सूचना मिलने पर राहुवास थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लिया और सड़क पर बिखरे सामान को एकत्र करवाया। इसके बाद कंटेनर और शराब के कार्टनों को अलग-अलग वाहनों की मदद से थाने पहुंचाया गया। पुलिस अब बरामद शराब के कार्टनों की गिनती करने में जुटी है।

पुलिस के पहुंचने से पहले ग्रामीण ले गए बोतलें

हादसे के बाद सड़क पर शराब की बोतलें बिखरी होने की सूचना आसपास के लोगों में फैल गई। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले कुछ ग्रामीण वहां पहुंचे और बिखरी बोतलें उठाकर अपने साथ ले गए। पुलिस अब बरामद शराब की वास्तविक मात्रा का आकलन कर रही है।

यह वीडियो भी देखें :

चालक की तलाश में पुलिस

राहुवास थानाधिकारी सुरेशचंद ने बताया कि कंटेनर दिल्ली से मुंबई की तरफ जा रहा था। हादसे के बाद शराब के कार्टन बिखर गए। फिलहाल कार्टनों की गिनती की जा रही है। गिनती पूरी होने के बाद ही शराब की कुल मात्रा और उसकी कीमत का पता चल सकेगा। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।

जांच में खुलेगा राज

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सीपा ने बताया कि शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा। पुलिस कंटेनर के दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है। चालक के पकड़े जाने के बाद शराब की तस्करी से जुड़े नेटवर्क का खुलासा होने की भी उम्मीद है।