
वोटिंग के बीच दौसा में मतदान केंद्र पर मचा बवाल
दौसा। नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण में शुक्रवार को दौसा के एक बूथ पर उस समय हंगामा हो गया, जब सांसद मुरारी लाल मीणा के साथ एक युवती मतदान केंद्र पहुंची। मामला नगर परिषद के वार्ड 53 में कर विभाग कार्यालय के बूथ का है। युवती को बूथ के अंदर देखकर भाजपा प्रत्याशी और एक एजेंट ने आपत्ति जताई। उन्होंने युवती के वोट डालने आने पर सवाल उठाए। इसी बात को लेकर बूथ पर बहस शुरू हो गई और कुछ देर में माहौल गरमा गया।
जानकारी के अनुसार मतदान के दौरान सांसद मुरारी लाल मीणा एक युवती के साथ केंद्र पर पहुंचे थे। युवती के अंदर आने के बाद भाजपा प्रत्याशी योगेश कुमार शर्मा और एक एजेंट ने फर्जी वोट डालने का आरोप लगाया। इसी बात को लेकर वहां मौजूद लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर मतदान केंद्र पर तैनात कर्मचारियों ने दोनों पक्षों को बाहर जाने के लिए कहा। इसके बाद भाजपा प्रत्याशी और युवती को बूथ से बाहर कर दिया गया। कुछ समय के लिए मतदान केंद्र पर तनाव जैसी स्थिति बनी रही।
पूरे विवाद पर सांसद मुरारी लाल मीणा ने अलग तस्वीर सामने रखी। उन्होंने कहा कि युवती उनके साथ मतदान करने नहीं आई थी। वह केवल उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए मतदान केंद्र तक आई थी। सांसद ने साफ कहा कि युवती ने वोट नहीं डाला।
वहीं, मतदान दल की ओर से भी यही जानकारी दी गई कि युवती ने मतदान नहीं किया। इसके बावजूद बूथ के अंदर उसके पहुंचने को लेकर भाजपा प्रत्याशी और समर्थकों की ओर से आपत्ति जताई गई, जिसके बाद विवाद खड़ा हुआ।
जब मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंची तो अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शंकर लाल मीणा मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए मतदान केंद्र पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाकर माहौल शांत कराया। मामले को लेकर दोनों पक्षों ने अलग-अलग दाव सामने आ रहे हैं। वहीं इसी दौरान भाजपा प्रत्याशी और उनके समर्थकों की सांसद मुरारी लाल मीणा के साथ भी बहस होती दिखाई दी।
Updated on:
11 Sept 2026 01:34 pm
Published on:
11 Sept 2026 01:34 pm
