2 सितंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Weather Update: लगातार बारिश से बिगड़े हालात! नदियां उफान पर, भूस्खलन ने बढ़ाई चिंता, उत्तराखंड में चार दिन का अलर्ट जारी

Weather Update: उत्तराखंड में भारी बारिश से नदियां और नाले उफान पर हैं। कई इलाकों में जलभराव और भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित हुआ है, जबकि IMD ने अगले दिनों में भी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
3 min read
Google source verification
uttarakhand heavy rain flood landslide rivers water level

उत्तराखंड वेदर अपडेट। फोटो सोर्स-पत्रिका न्यूज

Weather Update Uttarakhand: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने कई इलाकों में लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश के चलते नदियों और नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, वहीं कई जगहों पर जलभराव और भूस्खलन के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम की स्थिति को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग(IMD) ने राज्य के कई जिलों में आने वाले दिनों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी आशंका जताई है। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में मलबा गिरने, भूस्खलन, जलभराव और सड़कों पर आवाजाही बाधित होने का खतरा और बढ़ गया है।

ऋषिकेश और हल्द्वानी में नदियों का बढ़ा जलस्तर

भारी बारिश के बीच ऋषिकेश की बिन नदी पहले से ही उफान पर है। वहीं हल्द्वानी में गौला नदी के जलस्तर में भी काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हल्द्वानी में पिछले 24 घंटे के दौरान 192 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे क्षेत्र में बारिश की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है। लगातार बारिश के कारण नदी-नालों में पानी का बहाव तेज होने से प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है।

कैंची धाम के पास बदला शिप्रा नदी का रूप

भारी बारिश का असर नैनीताल जिले के कैंची धाम क्षेत्र में भी देखने को मिला। यहां शिप्रा नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद उसका बहाव काफी तेज हो गया। मंदिर के बाहर सामान्य दिनों में शांत बहने वाली शिप्रा नदी मंगलवार को तेज और उग्र बहाव में नजर आई। नदी में बड़ी मात्रा में पानी आने के कारण आसपास का दृश्य पूरी तरह बदल गया। हालांकि, तेज बहाव के बावजूद मंदिर की सुरक्षा दीवार और पुल को सहारा देने वाले खंभे सुरक्षित रहे। मंदिर को किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है और वहां पूजा-पाठ व अन्य धार्मिक गतिविधियां सामान्य रूप से जारी रहीं।

ककरिया नाले का पानी घरों में घुसा

नैनीताल जिले में बारिश के कारण अल्चौना के पांडेछोड़ गांव के पीछे बहने वाले ककरिया नाले का पानी रिहायशी इलाके में पहुंच गया। दोपहर तक नाले का बहाव इतना तेज हो गया कि पानी करीब दो दर्जन घरों में घुस गया। अचानक घरों में पानी पहुंचने से स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई परिवारों को अपने जरूरी सामान और कीमती वस्तुओं को सुरक्षित स्थानों पर ले जाना पड़ा।

प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया

स्थिति बिगड़ने के बाद प्रशासन ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर राहत और बचाव के प्रयास शुरू किए। प्रभावित लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने के साथ उनके सामान को भी सुरक्षित स्थानों तक ले जाने की कोशिश की गई। नाले का पानी लगातार बढ़ने के कारण आसपास के अन्य घरों पर भी खतरा मंडराने लगा। प्रशासन और ग्रामीण स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

चमोली में सड़कें बंद, नदियों का बढ़ा वेग

लगातार बारिश का असर चमोली जिले में भी दिखाई दे रहा है। कई स्थानों पर बारिश और मलबे के कारण सड़कें बंद हो गई हैं, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। वहीं अलकनंदा और पिंडर नदियों के जलस्तर में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। तेज बारिश के कारण दोनों नदियों का बहाव काफी बढ़ गया है।

कर्णप्रयाग में रिहायशी इलाकों के करीब पहुंचा नदी का पानी

पिंडर नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। कर्णप्रयाग क्षेत्र में नदी का तेज बहाव और ऊंची लहरें किनारे स्थित रिहायशी इमारतों, होटलों और अन्य निर्माणों के काफी करीब तक पहुंचती दिखाई दीं। नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने के कारण स्थानीय लोग सतर्क हैं। संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन की ओर से नदी किनारे रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।

अगले कुछ दिनों तक मौसम पर रहेगी नजर

मौसम विभाग के भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए उत्तराखंड के संवेदनशील इलाकों में खतरा अभी टला नहीं है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबा आने के साथ निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो सकती है। प्रशासन लोगों से अपील कर रहा है कि वे नदी-नालों के आसपास जाने से बचें, मौसम की स्थिति पर नजर रखें और जरूरत पड़ने पर समय रहते सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।

3 सितंबर को कहां बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग का कहना है, '' उत्तराखंड के देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, नैनीताल, चम्पावत, ऊधम सिंह नगर, पिथौरागढ़ एवं बागेश्वर जनपदों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। राज्य के सभी जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने एवं वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर होने की संभावना है।

4 सितंबर को कहां बारिश का अलर्ट

राज्य के नैनीताल, चम्पावत, देहरादून, हरिद्वार एवं बागेश्वर जनपदों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। राज्य के सभी जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने एवं वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर होने की संभावना है।

5 सितंबर को कहां बारिश का अलर्ट

राज्य के देहरादून, हरिद्वार एवं पौड़ी जनपदों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। राज्य के सभी जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने एवं वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर होने की संभावना है।

6 सितंबर को कहां बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग का कहना है 6 सितंबर को राज्य के कुछ जनपदों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।