
देवरिया के लार थाना क्षेत्र के सुतावर गांव में उस समय अफरा तफरी मच गई जब युवकों के क्रिकेट मैच में एक पक्ष के लोग तलवार और चाकू से दूसरे पक्ष के लोगों पर हमला कर दिए। पीड़ित के तहरीर पर पुलिस ने एक महिला समेत चार लोगों पर केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सुतावर गांव में शनिवार की दोपहर बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। खेल में ही दोनों पक्ष के बच्चों में कहासुनी हो गई और विवाद घर तक पहुंच गया। बच्चों के परिजन आमने सामने भिड़ं गए। इसी बीच एक पक्ष से मनबढ़ किस्म के युवकों ने तलवार और चाकू से हमला कर दिया। मौके पर खेल देख रहे लोगों ने बीच बचाव किया। जिसमें रितेश तिवारी घायल हो गए। घायल का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लार में कराया गया।
पीड़ित रितेश तिवारी ने पुलिस को बताया कि उनके भाई अंकित तिवारी और दिनेश यादव के बेटों भानू यादव व रवि यादव के बीच क्रिकेट खेलने को लेकर विवाद हुआ। जब वह अपने भाई के साथ दिनेश यादव के घर उलाहना देने गए, तो दिनेश यादव, उनकी पत्नी कलावती देवी और बेटे रवि व भानू यादव ने उन पर हमला कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने तलवार और चाकू से हमला किया और जान से मारने की धमकी दी। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Updated on:
13 Apr 2025 09:45 am
Published on:
13 Apr 2025 09:45 am
