
बड़े भाई की मौत के बाद पति-पत्नी की भी गई जान (photo Patrika)
Dhamtari Accident News: धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र से शुक्रवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। सबसे दर्दनाक बात यह रही कि दोनों अपने बड़े भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए गांव लौट रहे थे। परिवार अभी बड़े भाई की मौत के सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि कुछ ही घंटों बाद हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया। एक ही दिन में एक घर से तीन अर्थियां उठने से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, दुगली थाना क्षेत्र के ग्राम धनोरा निवासी प्रेमलाल नेताम अपनी पत्नी के साथ ससुराल गए हुए थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि उनके बड़े भाई का निधन हो गया है। यह खबर मिलते ही दोनों बाइक से अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अपने गांव धनोरा रवाना हुए। रास्ते में मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी और खड़मा के बीच उनकी बाइक को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रेमलाल नेताम और उनकी पत्नी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही मगरलोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए हैं। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
यह घटना पूरे परिवार के लिए असहनीय बन गई है। पहले बड़े भाई की मौत और फिर उसी के अंतिम संस्कार में जाते समय छोटे भाई और उसकी पत्नी की मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में पहले एक अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी, वहां कुछ ही घंटों में दो और शव पहुंचने से मातम और गहरा गया। पूरे गांव में शोक का माहौल है और हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है।
घटना की खबर फैलते ही धनोरा गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंच रहे हैं और उन्हें ढांढस बंधा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ही परिवार पर इतने कम समय में तीन मौतों का दुख शायद ही कभी देखने को मिला हो। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।
Updated on:
17 Jul 2026 04:08 pm
Published on:
17 Jul 2026 04:08 pm
