
Dhamtari New SP: धमतरी को मिली नई पुलिस कप्तान(photo-patrika)
Dhamtari New SP: भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी भावना पांडेय ने सोमवार को छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले की नई पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस दौरान निवर्तमान पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने विभागीय प्रक्रिया के तहत उन्हें कार्यभार सौंपते हुए जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा, संवेदनशील मामलों, विशेष अभियानों, सामुदायिक पुलिसिंग और विभागीय कार्यप्रणाली से जुड़ी अहम जानकारियां साझा कीं।
पदभार ग्रहण समारोह में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, एसडीओपी, डीएसपी सहित पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने नई एसपी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और उनके नेतृत्व में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा महिला एवं बाल सुरक्षा को प्राथमिकता देने का भरोसा जताया।
पदभार संभालने के बाद एसपी भावना पांडेय ने अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त करते हुए कहा कि धमतरी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता आमजन की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखना और अपराधों पर त्वरित एवं प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना होगा।
उन्होंने कहा कि पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाने और जनता तथा पुलिस के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करने की दिशा में विशेष प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों से अनुशासन, पारदर्शिता, जवाबदेही, संवेदनशीलता और सेवा भाव के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद एसपी भावना पांडेय ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शाखा प्रभारियों से कार्यप्रणाली, लंबित प्रकरणों, अभिलेखों, कार्यालयीन व्यवस्थाओं और दैनिक कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने लंबित मामलों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, समयबद्ध कार्य निष्पादन तथा कार्यालयीन अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।
नई एसपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आमजन की शिकायतों और समस्याओं का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और त्वरित कार्रवाई के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाते हुए नागरिकों के साथ निरंतर संवाद और विश्वास कायम रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।
भावना पांडेय ने कहा कि टीमवर्क, ईमानदारी, उत्तरदायित्व और समर्पण धमतरी पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है। इन्हीं मूल्यों के आधार पर जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि धमतरी पुलिस का प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी अपनी कर्तव्यनिष्ठा और कार्यकुशलता से आमजन की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगा तथा पारदर्शी और जनविश्वास आधारित पुलिसिंग की नई मिसाल स्थापित करेगा।
पदभार ग्रहण कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार चतुर्वेदी, एसडीओपी रागिनी मिश्रा (कुरूद), डीएसपी मोनिका मरावी, डीएसपी मीना साहू, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा सहित पुलिस कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Updated on:
13 Jul 2026 03:29 pm
Published on:
13 Jul 2026 03:28 pm
