13 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Dhar news: गांव वालों को राहत, 37 रूटों पर दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें, आसान होगा सफर

Electric bus: धार के गांव वालों के लिए मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा 25 सितंबर से इंदौर संभाग से शुरू हो रही है, जिसमें पहले चरण में मांडू-इंदौर ग्रीन रूट पर इलेक्ट्रिक बसें चलेंगी।
2 min read
Google source verification

धार

image

Astha Awasthi

Sep 13, 2026

इंदौर-माडू के बीचे दौड़ेगी बस, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source - Patrika)

इंदौर-माडू के बीचे दौड़ेगी बस, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source - Patrika)

Dhar news: सालों से बेहतर लोक परिवहन सुविधा का इंतजार कर रहे धार के गांव वालों के लिए मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा नई उम्मीद लेकर आ रही है। मध्यप्रदेश में इस सेवा की शुरुआत 25 सितंबर से इंदौर संभाग से होने जा रही है। योजना के पहले चरण में पर्यटन नगरी मांडू को इंदौर से जोडने के लिए ग्रीन रूट पर इलेक्ट्रिक बस चलाने की तैयारी है। इसके साथ ही धार जिले के उन दूरस्थ इलाकों तक भी बस सेवा पहुंचाने की कवायद है, जहां आज भी ग्रामीणों को इलाज, शिक्षा और रोजमर्रा के काम के लिए लंबा सफर करना पड़ता है।

सरकार द्वारा कराए गए सर्वे में धार जिले के 37 ऐसे रूट चिन्हित किए गए है, जहां बसों की आवाजाही कम है या सुविधा उपलब्ध नहीं है। इनमें कुछ रूटों पर मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा के तहत संचालन शुरू होने की संभावना है। हालांकि, अंतिम रूप किन रूटों पर बसें चलेंगी, यह अभी तय नहीं हुआ है।

जहां बस नहीं, वहां आज भी पिकअप-जीप का सहारा

धार जिले का बड़ा भौगोलिक क्षेत्र पहाड़ी और आदिवासी अंचल में फैला है। कई गांव ऐसे है, जहां आज भी नियमित यात्री बस नहीं पहुंचती। मरीजों को इलाज के लिए और विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज जाने के लिए कई किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ता है। सार्वजनिक परिवहन के अभाव में ग्रामीण जीप, पिकअप और अन्य छोटे वाहनों में जोखिम लेकर सफर करने को मजबूर है। कई बार क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर चलने वाले इन वाहनों से हादसों का खतरा भी बना रहता है। ऐसे में नियमित बस सेवा शुरू होने से सिर्फ आवागमन आसान नहीं होगा, बल्कि ग्रामीणों को असुरक्षित साधनों पर निर्भरता से राहत मिल सकती है।

37 रूट का सर्वे, अब संचालन इंतजार

इंदौर संभाग में लोक परिवहन सुविधा विस्तार के लिए निजी कंपनी से सर्वे कराया गया था। सर्वे में धार जिले के 37 रूट चिन्हित किए गए। इन क्षेत्रों में यात्री सुविधा की जरूरत बताई गई थी।

सीएम ने एक साल पहले किया था ऐलान

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 14 नवंबर 2024 को धार में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में लोक परिवहन सेवा को आदिवासी क्षेत्रों से शुरू करने की घोषणा की थी। अब मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा के रूप में उस घोषणा को जमीन पर उतारने की दिशा में कदम बढ़ाया जा रहा है।

सर्वे में प्रमुख रूट

मांडू-इंदौर, मांडू-दिग्ठान, बगड़ी-धार, नाछला-उमरबन, राजगढ़-टांडा नाका, मांगोद-लाबरिया, दत्तीगांव-बदनावर, गंधवानी-सिंघाना, कुक्षी-निसरपुर-बड़वानी, उमरबन-धामनोद, टांडा-कुक्षी, धार-दसई-लाबरिया, धार-तिरला-अमझेरा, तिरला-उमरबन, कुक्षी-गंधवानी, मनावर-उमरबन।

मांडू रूट पर संभावना

मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा के संचालन के लिए धार जिले से पूर्व में जानकारी भेजी जा चुकी है। निजी कंपनी के सर्वे में 37 रूट चिन्हित किए गए थे। इनमें किस रूट पर बसें शुरू होंगी, यह अभी अंतिम रूप से तय नहीं है। संभावना है कि पहले चरण में इंदौर से मांडू के बीच ईवी बस शुरू हो सकती है।- हृदेश यादव, आरटीओ, धार