
अधिकारियों की बैठक लेते पुलिस अधीक्षक
धौलपुर. जिले में राजस्थान पंचायती राज आम चुनाव 2026 के तृतीय चरण और धौलपुर जिले के प्रथम चरण के लिए मतदान 3 नवम्बर का होगा। चुनाव को लेकर जिलेभर में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। मतदान कराने के लिए पोलिंग पार्टियां आज सोमवार दोपहर बाड़ी रोड स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज से रवाना हुईं। जिले में प्रथम चरण में धौलपुर, बाड़ी और सैंपऊ पंचायत समिति के वार्ड सदस्य, जिला परिषद और सरपंच पद चुनाव के लिए मतदान होगा। जिसमें सरपंच पद के लिए 5 नवम्बर को मतपत्र से मतदान होगा जबकि पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव में ईवीएम का उपयोग होगा।
जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि जिलेभर में पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पंचायत चुनाव के दौरान कुल 2020 पुलिस अधिकारी व कर्मचारी सुरक्षा की कमान संभालेंगे। इनमें जिला पुलिस के अतिरिक्त आरएएसीए धौलपुर, कोटा व अजमेर के होमगार्ड, कोटा पुलिस तथा पुलिस दूरसंचार राजस्थान के पुलिसकर्मी शामिल हैं। मतदान केंद्रों से संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों व ग्रामीण इलाकों तक पुलिस की चप्पे-चप्पे पर निगरानी रहेगी। इसका उद्देश्य मतदाताओं को बिना किसी भयए दबाव व प्रलोभन के सुरक्षित मतदान वातावरण उपलब्ध कराना है। संपूर्ण चुनावी व्यवस्था की निगरानी व संचालन के लिए 4 एएसपी और 7 सीओ स्तर के अधिकारी तैनात रहेंगे। धौलपुर, बाड़ी व सैंपऊ पंचायत समिति की चुनावी पुलिस व्यवस्थाओं के प्रभारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा को नियुक्त किया गया है। इससे पहले एसपी सांगवान ने अधिकारियों के साथ बैठक की।
तीन पंचायत समितियों में 426 मतदान केन्द्रों पर विशेष निगरानी
जिले में तृतीय चरण के चुनाव के तहत धौलपुर, बाड़ी एवं सैंपऊ पंचायत समिति क्षेत्रों में कुल 17 जिला परिषद वार्ड, 79 पंचायत समिति वार्ड, 126 ग्राम पंचायतें एवं 426 मतदान केन्द्र निर्धारित हैं। इनमें धौलपुर पंचायत समिति क्षेत्र में 132, बाड़ी में 155 तथा सैंपऊ में 139 मतदान केन्द्र शामिल हैं। प्रत्येक मतदान केन्द्र पर एक पुलिसकर्मी एवं एक होमगार्ड जवान तैनात रहेगा। वहीं संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों तथा मतदान भवनों पर 1-4 का अतिरिक्त सशस्त्र पुलिस बल लगाया गया है।
49 मोबाइल पुलिस का रहेगा मूवमेंट
मतदान प्रक्रिया के दौरान त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के लिए कुल 49 मोबाइल पुलिस पार्टियों का गठन किया गया है। प्रत्येक मोबाइल पार्टी में 1-4 का पुलिस जाप्ता तैनात रहेगा। वायरलेस सेट से लैस ये मोबाइल पार्टियां अपने निर्धारित क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर मतदान केन्द्रों का निरीक्षण करेंगी। वहीं, तीनों पंचायत समिति क्षेत्रों में कुल 12 पुलिस सुपरवाइजरी अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। प्रत्येक अधिकारी के साथ चार पुलिसकर्मियों का जाप्ता उपलब्ध रहेगा।
सरपंच प्रत्याशी दौड़ते दिखे...
उधर, मतदान की तिथि नजदीक आने के साथ ग्रामीण क्षेत्र में प्रचार ने जोर पकड़ लिया है। ग्रामीण क्षेत्र में धुआंदार प्रचार हुआ। विशेष सरपंच पद के प्रत्याशी दौड़ते हुए नजर आए। वहीं, महिला प्रत्याशी के साथ परिजनों के अलावा रिश्तेदार और उनके समर्थक एक से दूसरे गांव में भागदौड़ करते दिखे। साथ ही डीजे भी चल रहा था। प्रचार के लिए कई प्रत्याशियों के रिश्तेदार और परिचितों ने भी घर पर डेरा डाल रखा है। इनकी गाडिय़ां भी खूब दौड़ रही है। वहीं, बाइकर्स भी गलियों में दिख जाएंगे।
Updated on:
2 Nov 2026, 6:55 PM IST
Published on:
2 Nov 2026, 6:55 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.