
मनिया। राहुल गांधी ने वसुंधरा राजे के गढ़ धौलपुर से मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। धौलपुर के मनिया में रैली के दौरान राहुल ने कहा कि मोदी केवल हिंदुस्तान के अमीरों की मदद करना चाहते हैं। वे अमीरों का कर्ज माफ करते हैं, किसानों का नहीं। राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री हिंदुस्तान में फेल हो गए और राजस्थान में मुख्यमंत्री वसुंधरा फेल हैं।
रैली में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने वसुंधरा राजे पर निशाना साधते हुए कहा कि अजमेर सभा के दौरान चुनाव आचार संहिता लगने से आधे घंटे पहले उन्हें किसानों की याद आई। राजे ने सभा में किसानों को एक निश्चित सीमा तक मुफ्त में बिजली देने की घोषणा कर दी।
सचिन ने कहा कि मैं पूछना चाहता हूं कि किसानों को मुफ्त में बिजली देने के लिए 4 साल 29 माह और 11.30 घंटे तक इंतजार क्यों किया? उन्होंने कहा कि जब किसान आत्महत्या करते रहे और अपनी मांगों को लेकर सड़क पर धक्के खाते रहे तब वसुंधरा को किसानों की याद क्यों नहीं आई?
सचिन ने कहा कि आचार संहिता से पहले की गई घोषणा का मतलब सब समझते हैं, लेकिन, अब जनता किसी बहकावे में आने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि गरीबों के कल्याण के लिए केवल कांग्रेस ही काम करती रही है और आगे भी करेगी।
सचिन ने जनता से अपील की कि इस बार कांग्रेस को इतनी सीटें देना कि जितनी आजादी के बाद से कभी नहीं आई हो। पायलट ने इस दौरान कांग्रेस की ओर से पूर्व की सरकार में कराए गए विकास कार्य के बारे में भी लोगों को बताया।
Updated on:
09 Oct 2018 03:29 pm
Published on:
09 Oct 2018 03:25 pm
