
Death toll from coronavirus in China reached 2,118
बीजिंग। चीन में जानलेवा कोरोनावायरस से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 2,118 हो गई है, वहीं इससे पीड़ित लोगों की संख्या भी बढ़कर 74,576 तक पहुंच गई है। यह जानकारी स्वास्थ्य अधिकारियों ने गुरुवार को दी। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने कहा कि उन्हें बुधवार को 31 प्रांतीय स्तर के क्षेत्र और झिंजियांग प्रोडक्शन और कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन से कोरोनावायरस के 394 नए मामले और 114 मौतों की रिपोर्ट मिली है।
हुबेई प्रांत में 108 और हेबेई, शंघाई, फुजियान, शानडोंग, युन्नान और शान्सी में मौत के एक-एक मामले सामने आए हैं। आयोग ने आगे कहा कि बुधवार को अन्य 1277 नए संदिग्ध मामले सामने आए हैं। वहीं बुधवार को ही 1779 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
आयोग ने आगे कहा कि 4922 लोग अभी भी इस वायरस से संक्रमित होने को लेकर संदिग्ध हैं। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद करीब 16,155 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। साउथ चाईना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, चीन के बाहर गुरुवार सुबह तक इस वायरस से संक्रमित मामलों की संख्या जापान (705), सिंगापुर (84), दक्षिण कोरिया (82), हांगकांग (65), थाईलैंड (35), ताइवान (24), मलेशिया (22), जर्मनी (16), वियतनाम (16), ऑस्ट्रेलिया (15), अमेरिका (15), फ्रांस (12), मकाऊ (10), ब्रिटेन (नौ), संयुक्त अरब अमीरात (नौ), कनाडा (आठ), भारत (तीन), फिलीपींस (तीन), इटली (तीन), रूस (दो), ईरान (दो), मिस्र (एक), स्पेन (दो), कंबोडिया (एक), फिनलैंड (एक), नेपाल (एक), श्रीलंका (एक), स्वीडन (एक) और बेल्जियम (एक) है। वहीं हांगकांग (दो), फिलिपींस (एक), जापान (एक) और फ्रांस (एक) में इस वायरस से मरने के मामले सामने आए हैं।
Published on:
20 Feb 2020, 5:10 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.