
'पाकिस्तान जो करता आया वह काम कर रही कांग्रेस', दुमका से PM Modi का वार, CAA को बताया सच्चा फैसला
(दुमका): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के दुमका में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा में विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा का विरोध करते-करते इन लोगों को देश का विरोध करने की आदत हो गई है। उन्होंने यह भी कहा कि कल तक जो काम पाकिस्तान करता आया है, आज वह काम कांग्रेस कर रही है। उन्होंने दो टूक कहा कि जिस तरह से देश में आग लगाने की कोशिश की गई है, उससे साफ हो गया है कि नागरिकता कानून का हमारा फैसला हजार फीसदी सच्चा है।
विपक्ष के पास नहीं कोई रोडमैप...
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुमका एयरपोर्ट मैदान में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस के पास राज्य के विकास कोई न कोई रोडमैप है और न इरादा है और न कभी भूतकाल में कुछ किया है। अगर वे (कांग्रेस व विपक्षी )जानते है तो उनको एक ही बात का पता है, भाजपा का विरोध करो, मोदी को गाली दो।
नागरिकता कानून का जिक्र...
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश की संसद ने अभी नागरिकता कानून से जुड़ा एक महत्त्वपूर्ण बदलाव किया है। इस बदलाव के कारण पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश से जो वहां कम संख्या में थे, जो अलग धर्म का पालन करते थे, इसलिए वहां उन पर जुल्म हुए, उनका वहां जीना मुश्किल हो गया। ये तीन देशों से हिंदू, ईसाई, सिख, पारसी, जैन, बौद्ध उनको वहां से अपना गांव, घर, परिवार सबकुछ छोड़कर भारत में भाग कर यहां शरणार्थी की जिंदगी जीने के लिए मजबूर होना पड़ा। उनके जीवन को सुधारने के लिए, इन गरीबों को सम्मान मिले इसलिए भारत की दोनों सदनों में भारी बहुमत से इन गरीबों के लिए नागरिकता का निर्णय किया।
असम की जनता का अभिनंदन...
उन्होंने असम लोगों का अभिनंदन करते हुए कहा कि इन्होंने हिंसा करने वालों को अपने से अलग कर दिया है। शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात बता रहे हैं। देश का मान-सम्मान बढ़े ऐसा व्यवहार असम, नार्थ ईस्ट कर रहा है।
शहीदों को किया याद...
पीएम मोदी ने कहा कि जिन लोगों पर जनता ने कभी भरोसा किया था, जिन्हें झारखंड के आदिवासियों ने मान-सम्मान दिया था, लेकिन उन्होंने खुद के लिए और परिवार के लिए बड़े-बड़े महल दिए और आपको भूल गए थे। उन्होंने कहा कि कल्पना कीजिए, अगर बाबा तिलका मांझी सिर्फ अपना हित ही सोचते तो क्या समाज के लिए इतना कुछ कर पाते? अगर सिद्धो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो, सिर्फ अपना लाभ ही देखते तो क्या अंग्रेजों का मुकाबला कर पाते। ये तमाम सेनानी, ये तमाम शहीद, परिवार हित से ऊपर उठकर, समाज के हित में, राष्ट्र के हित में खड़े हुए। भाजपा ऐसे ही संस्कारों को धारण करती है, उनको सम्मान देती है।
कागजों तक सिमटती थीं योजनाएं...
उन्होंने कहा कि पहले सरकारी योजनाएं सिर्फ कागज़ों तक सिमट कर रह जाते थे क्योंकि सरकार और जनता के बीच बहुत बड़ी खाई थी। ये खाई राजनीति की थी, अफसरशाही की थी, भ्रष्टाचार की थी, असंवेदनशीलता की थी। लेकिन ये सेवक इस खाई को पाटने में निरंतर जुटा है और इसमें अभूतपूर्व सफलता भी मिली है।
विपक्ष ने झारखंड को बनाया पिछड़ा— मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि झामुमो लंबे समय से कांग्रेस की सहयोगी रही है, दिल्ली में भी, बिहार में भी और फिर झारखंड में भी सरकारों में हिस्सा रही है। इतने वर्षों में इन्होंने झारखंड की पहचान के साथ पिछड़ा शब्द जोड़ दिया। इन्होंने जनता पर खर्च होने वाले पैसे को लूटा और लोगों को पाई-पाई के लिए मोहताज रखा। उन्होंने कहा कि झारखंड के 20 जिले ऐसे हैं, जहां कांग्रेस और उसके साथी, वर्षों से शासन के बावजूद बुनियादी सुविधाएं तक नहीं पहुंचा पाए।
Updated on:
15 Dec 2019 08:13 pm
Published on:
15 Dec 2019 04:32 pm
बड़ी खबरें
View Allदुमका
झारखंड
ट्रेंडिंग
