
गुजरात के वडोदरा में भीषण हादसे के बाद क्षतिग्रस्त लग्जरी बस। फोटो: पत्रिका
डूंगरपुर। गुजरात के वडोदरा में बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। वडोदरा-हालोल रोड पर कोटंबी गांव के पास एक लग्जरी बस के ट्रक के बीच पीछे से भिड़ने से हुई बस में सवार सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार मच गया। बस में अधिकांश यात्री राजस्थान के बाँसवाड़ा व डुंगरपुर जिले के थे। मारे गए लोगों में अधिकतर लोग राजस्थान के बताए जा रहे है।
जानकारी के अनुसार बस बांसवाड़ा, परतापुर, सागवाड़ा से सूरत जा रही थी और उसमें करीब 45 यात्री सवार थे। बुधवार सुबह बस कोटंबी गांव के पास पहुंची ही थी कि वह आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री उसमें फंस गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। हादसे में शुरुआती तौर पर 5 लोगों की मौत बताई जा रही है। बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान दो अन्य घायलों ने भी दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई। घायलों को वडोदरा के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। कई यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रशासन लगातार घायलों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक्स पर लिखा कि गुजरात के वडोदरा में हुई सड़क दुर्घटना में जनहानि का समाचार अत्यंत दुखद है। अधिकारियों को स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखते हुए प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें एवं घायलों को शीघ्र स्वस्थ लाभ दें।
भीषण सड़क हादसे में मारे गए 5 लोग राजस्थान के डूंगरपुर के रहने वाले है। मृतकों की पहचान पिंकी भाटिया निवासी पड़वा तहसील सागवाड़ा, महेंद्र कुमार भोगीलाल पंड्या निवासी मंदिर सड़क घम्बोला, विनोद नरेश डामोर निवासी पड़वा तहसील सागवाड़ा, मुकेश जीवाजी डिंडोर निवासी राजवाड़ा तहसील गलियापुर और प्रीत हितेश भाटिया निवासी सागवाड़ा के रूप में हुई है।
Updated on:
17 Jun 2026 04:38 pm
Published on:
17 Jun 2026 01:50 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
