
राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा। फाइल फोटो पत्रिका
Janjatiya Gaurav Divas : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सोमवार को जनजाति गौरव दिवस पर बेणेश्वरधाम पहुंचेंगे। वे धाम पर प्रस्तावित कार्यक्रम में 130 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने तैयारियों का जायजा लिया।
डूंगरपुर जिला प्रभारी एवं जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी और राष्ट्रीय धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष व पूर्व मंत्री ओंकार सिंह लखावत ने जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के साथ सभा स्थल, हेलीपैड, भूमि पूजन स्थल और सरकारी प्रदर्शनी सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने बताया कि मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे बेणेश्वरधाम पहुंचकर देव दर्शन करेंगे। धाम के विकास के लिए बजट सत्र में स्वीकृत 130 करोड़ रुपए के कार्यों का भूमि पूजन करेंगे। इस दौरान वीर काली भील योजना के तहत 50 मेधावी छात्राओं को स्कूटी की चाबियां भी सौंपेंगे। विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी और गैर नृत्य का अवलोकन करेंगे।
प्रशासन की ओर से कार्यक्रम स्थल पर वाहन पार्किंग, पेयजल, साफ-सफाई और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। हेलीपैड और पुलों के आसपास बैरिकेडिंग की गई है तथा मुख्य मार्ग और दुकानों के पास सफेद तिरपाल लगाए गए हैं। कार्यक्रम में करीब 30 हजार से अधिक लाभार्थियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त कलक्टर दिनेश धाकड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेश सांखला, मुख्य कार्यकारी अधिकारी हनुमंत सिंह राठौड़, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अनिल पहाड़िया, पूर्व विधायक गोपीचंद मीणा, एसडीएम अभिलाषा, आसपुर डिप्टी प्रभूलाल कुमावत, बीडीओ वालसिंह राणा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
Updated on:
16 Mar 2026 07:19 am
Published on:
16 Mar 2026 07:19 am
