30 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Dungarpur Crime: अंतिम संस्कार से पहले पिता के शव पर दिखे गहरे घाव, पुलिस पहुंची तो बेटे की झूठी कहानी का हुआ पर्दाफाश

पुश्तैनी जमीन बेचने के विवाद में एक बेटे ने अपने ही पिता की कुल्हाड़ी से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने परिजनों को पिता के छत से गिरने की झूठी कहानी बताई।
2 min read
Google source verification
Dungarpur Murder Case

मौके पर पहुंची पुलिस और आरोपी बेटे को किया गिरफ्तार। फोटो: पत्रिका

डूंगरपुर/सागवाड़ा। पुश्तैनी जमीन बेचने के विवाद में एक बेटे ने अपने ही पिता की कुल्हाड़ी से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने परिजनों को पिता के छत से गिरने की झूठी कहानी बताई। लेकिन श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार से ठीक पहले मृतक के शरीर पर घाव देखकर इस खौफनाक साजिश का पर्दाफाश हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली है।

पुलिस के अनुसार ओबरी थानान्तर्गत डैयाणा निवासी कल्पना पत्नी मुकेश यादव ने दी रिपोर्ट में बताया कि माता-पिता के हम तीन संतान है। मां की मृत्यु पूर्व में ही हो गई थी। पिता गौतम पुत्र नाथू यादव भाई कांतिलाल के साथ रहते थे। कांतिलाल का बड़ा बेटा महेश अहमदाबाद में रोजगार करता है। घर पर पिता, भाई कांतिलाल व उसकी पत्नी मंजू व भाई के बच्चे रहते हैं।

काका गटू पुत्र नाथू यादव का शुक्रवार देर रात करीब दो बजे कॉल आया व उन्होंने बताया कि कांतिलाल का फोन आया व बताया कि पिता गौतमलाल गुरुवार रात करीब 10 बजे मकान की छत से गिर गए थे, जिनकी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई है। जिस पर कल्पना व परिवार
के लोग हॉस्पिटल पहुंचे। जहां भाई कांतिलाल ने पिता के छत से गिरने की बात बताई, कानूनी कार्रवाई नहीं करके सीधे ही अंतिम संस्कार करना तय हुआ।

हत्या का शक होने पर पुलिस को सूचना

अंतिम क्रिया कर्म के लिए पिता को श्मशान घाट लेकर गए। श्मशान घाट पर पिता के सिर, कान के पीछे, कान पर तथा दाहिने हाथ की अंगुली पर कुल्हाड़ी के गहरे घाव थे। हत्या का शक होने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने श्मशान घाट पहुंचकर शव को अस्पताल पहुंचाया और पोस्टमार्टम करवाया।

जमीन को लेकर आए दिन करता था झगड़ा

रिपोर्ट में बताया कि कांतिलाल आए दिन पैतृक जमीन बेचने को लेकर पिता से झगड़ा व मारपीट करता रहता था। पिता जमीन बेचने से मना करते थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में पुलिस उप अधीक्षक हेरम्ब जोशी के सुपरविजन में पुलिस निरीक्षक मनीष खोईवाल के नेतृत्व में एएसआई धर्मेन्द्र सिंह, तखत सिंह, हेड कांस्टेबल इन्द्रजीत सिंह, कांस्टेबल भूपेन्द्र सिंह, प्रहलाद सिंह एवं चन्द्र पाल सिंह की थाना स्तर पर विशेष टीम गठित की। आरोपी गोवाड़ी निवासी कांतिलाल पुत्र गौतम यादव को डिटेन कर थाने पर लाकर पूछताछ की। कांतिलाल पहले तो पिता के छत से गिरने की कहानी ही दोहराने लगा, बाद में मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई तो आरोपी ने अपने पिता गौतम यादव की कुल्हाड़ी से हत्या करना स्वीकार किया।