
पुलिस गिरफ्त में हत्या के आरोपी भाई-बहन
नागौर. जिले के सुरपालिया थाना क्षेत्र के जानेवा पश्चिम में खेत की ढाणी में हुई शेराराम (45) की हत्या का पुलिस ने महज 12 घंटे में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मृतक की हत्या के आरोप में रोहिणी निवासी श्रवणराम (25) पुत्र गेनाराम मेघवाल और उसकी बहन जानेवा पश्चिम निवासी मोनिका (30) पत्नी मानाराम मेघवाल को गिरफ्तार किया है।
कार्यवाहक जिला पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी ने पत्रकारों को बताया कि 28 अगस्त की रात्रि में सुरपालिया थाना क्षेत्र के जानेवा पश्चिम गांव के एक खेत में बनी ढाणी में शेराराम मेघवाल की लाश मिली, जिसके पेट के नीचे के हिस्से पर कपड़े नहीं थे। चौधरी ने बताया कि उसके शरीर व गुप्तांग पर बहुत सारी चोटें थी और खून निकला हुआ था। कमरे का गेट बंद था और एक खिड़की खुली थी। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस को अवैध संबंधों के चलते हत्या होने का संदेह हुआ। मृतक के बारे में जानकारी करने पर पता चला कि उसकी पत्नी अपने दो लड़के व एक लड़की के साथ पिछले छह साल से शेराराम से अलग अपने पीहर मूंदड़ा में रह रही है। मृतक खेत में अकेला रहता था। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान एवं परिस्थिति जन्य साक्ष्याें का विश्लेषण कर मात्र 12 घंटे में घटना का खुलासा कर दिया। इसमें कांस्टेबल श्रवणकुमार का विशेष योगदान रहा।
मोनिका खुद गई शेराराम की ढाणी
एसपी चौधरी ने बताया कि शेराराम की हत्या को लेकर उसके मनोज पुत्र अनाराम मेघवाल ने सुरपालिया थाने में रिपोर्ट दी। जिसके बाद जायल वृत्ताधिकारी संजीव चौहान के सुपरविजन में थानाधिकारी विनोद कुमार की टीम ने तकनीकी अनुसंधान, फील्ड इंटेलिजेंस और आसूचना संकलन के आधार पर मामले का खुलासा किया। पुलिस जांच में सामने आया कि मोनिका घटना से पहले शेराराम की ढाणी में पहुंची थी, जहां दोनों ने शराब पी और दोनों साथ में सो गए। इसी दौरान उसका भाई श्रवणराम भी वहां पहुंच गया। पुलिस के अनुसार दोनों ने शेराराम के दोनों पैर रस्सी से बांध दिए और गंभीर मारपीट की। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।
ट्रेलर-लोडिंग गाड़ी की भिड़ंत, चालक की मौत
खींवसर थाना क्षेत्र के अहमदपुरा मार्ग पर शुक्रवार सुबह ट्रेलर और लोडिंग गाड़ी में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रेलर चालक की मौके पर मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। ट्रेलर का आगे का हिस्सा पूरी तरह बिखर गया, जबकि लोडिंग गाड़ी का बीच का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के दौरान तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। बचाव कार्य शुरू कर पुलिस को सूचना दी। खींवसर पुलिस मौके पर पहुंची । पुलिस के अनुसार ट्रेलर जोधपुर की तरफ जा रहा था, इसी दौरान अहमदपुरा मार्ग पर उसकी लोडिंग गाड़ी से टक्कर हो गई। ट्रेलर चालक मलोट मुक्तसर निवासी गोपाल की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को खींवसर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर मृतक के परिजनों को सूचना दी है।
Updated on:
29 Aug 2026 07:20 pm
Published on:
29 Aug 2026 07:20 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
