
BPSSC Range Officer Recruitment: बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग ने बिहार सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में वनों के क्षेत्र पदाधिकारी (फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर) के रिक्त पदों पर कुछ समय पहले भर्ती निकाली थी। इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। सेलेक्शन के लिए कैंडिडेट्स को कई मानदंड पूरा करना होगा। इनमें से एक है लंबाई और सीने की चौड़ाई।
बिहार फॉरेस्ट रेंज ऑफिसरकी भर्ती के लिए लंबाई और सीने की चौड़ाई की पात्रता को पूरा करना बेहद जरूरी है। हालांकि, इसके लिए कोई अंक नहीं दिए जाएंगे। लेकिन परीक्षा क्वालिफाई करने के लिए कैंडिडेट्स का सभी शर्तों पर खरा उतरना जरूरी है।
अनारक्षित वर्ग, पिछड़ा वर्ग, अत्यंत पिछड़ा (OBC) वर्ग एवं अनुसूचित जाति (SC) वर्ग के पुरुषों के लिए लंबाई न्यूनतम 163 सेंटीमीटर तय की गई है। वहीं अनुसूचित जनजाति के पुरुषों के लिए न्यूनतम लंबाई 152.5 सेंटीमीटर तय की गई है। अनारक्षित (सामान्य वर्ग), पिछड़ा वर्ग, अत्यंत पिछड़ा वर्ग एवं अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं के लिए लंबाई न्यूनतम 150 सेंटीमीटर तय की गई है। वहीं अनुसूचित जनजाति वर्ग की महिलाओं के लिए न्यूनतम ऊंचाई 145 सेंटीमीटर तय की गई है।
अनारक्षित वर्ग, पिछड़ा वर्ग, अत्यंत पिछड़ा (OBC) वर्ग, अनुसूचित जाति (SC) वर्ग और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के कैंडिडेट्स के लिए सीने की चौड़ाई न्यूनतम 79 सेंटीमीटर (बिना फुलाए) होनी चाहिए। वहीं फुलाकर सीने की चौड़ाई न्यूनतम 84 सेंटीमीटर होनी चाहिए।
नोट: महिलाओं के सीने की माप नहीं होगी। वहीं थर्ड जेंडर (ट्रांसजेंडर) के शरीरिक दक्षता परीक्षा का मापदंड पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के समान होगा।
यहां आपकी जानकारी के लिए बता दें कि फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर के पद पर भर्ती के लिए सेलेक्शन लिखित परीक्षा, फिजिकल टेस्ट और इंटरव्यू के आधार पर होगा। इस भर्ती के तहत आवेदन प्रक्रिया 1 मई 2025 से शुरू होगी। वहीं अप्लाई करने की अंतिम तिथि 1 जून 2025 है। शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो पशुपालन एवं पशु रोग विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, रसायन विज्ञान, भूगर्भ विज्ञान, गणित, भौतिक शास्त्र,सांख्यिकी एवं जन्तुविज्ञान विषयों में कम से कम एक विषय के साथ स्नातक की डिग्री अथवा कृषि स्नातक, वानिकी अथवा अभियंत्रण में किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या समकक्ष से स्नातक की डिग्री होनी चाहिए। आवेदन करने वाले कैंडिडेट्स की उम्र 21 से 37 वर्ष के बीच होनी चाहिए। रिजर्वड कैंडिडेट्स को अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
Updated on:
5 May 2025, 2:58 PM IST
Published on:
5 May 2025, 2:52 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.