
,,
UP Elections 2022 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 की तारीखों का ऐलान होते ही सभी पार्टियों ने चुनाव आयोग की गाइडलाइन के तहत चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। लेकिन, आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) चीफ चंद्रशेखर आजाद ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। बताया जा रहा है कि फिलहाल चंद्रशेखर चुनावी रणनीति को लेकर मंथन करने में जुटे हैं। वह समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और ओमप्रकाश राजभर से भी मुलाकात कर चुके हैं। लेकिन, अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि पहली बार विधानसभा चुनाव मैदान में उतर रही चंद्रशेखर की आसपा अकेले ही चुनाव में किस्मत आजमाएगी या फिर किसी पार्टी के साथ गठबंधन करके मैदान में उतरेगी।
दरअसल, निर्वाचन आयोग ने चंद्रशेखर की पार्टी आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) को चुनाव चिन्ह दे दिया है। पिछले माह ही चुनाव आयोग ने आसपा को केतली का चुनाव चिन्ह का आवंटन किया था। इससे साफ है कि चंद्रशेखर की पार्टी यूपी विधानसभा चुनाव जरूर लड़ेगी। यह बात खुद चंद्रशेखर भी कई बार दोहरा चुके हैं। बता दें कि पिछले साल हुए जिला पंचायत चुनाव में आसपा ने भी अपने प्रत्याशी उतारे थे, जिसमें वह दो पार्टी सदस्यों को जिताने में कामयाब भी हुए। उसके बाद से ही चंद्रशेखर अपने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं। चंद्रशेखर खुद प्रदेशभर में घूमकर पार्टी के जनाधार को मजबूत करने के कार्य में लगे हुए हैं।
कई दलों के प्रमुखों से कर चुके हैं वार्ता
बता दें कि हाल ही में चंद्रशेखर ने असदुद्दीन ओवैसी से भी मुलाकात की थी। जिसके बाद सियासी गलियारों में इसके कई मायने निकाले गए। इसके बाद चंद्रशेखर ने शिवपाल सिंह यादव और ओमप्रकाश राजभर से भी मुलाकात की थी। उनकी इन मुलाकातों को गठबंधन से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं, बीते दिनों ही उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की चर्चा भी थी। लेकिन अब तक यह साफ नहीं हो सका है कि चंद्रशेखर कौन से दल से गठबंधन करेंगे या फिर अकेले ही चुनाव लड़ेंगे।
आज-कल में फैसला ले सकते हैं चंद्रशेखर
उल्लेखनीय है कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव छोटे-छोटे दलों को अपने साथ जोड़कर चुनाव लड़ने का मन बना रहे हैं। इसलिए कयास लगाए जा रहे हैं कि अगर सीटों पर बात बनी तो चंद्रशेखर सपा से गठबंधन कर सकतें हैं। बताया गया है कि आसपा आजकल में अपनी स्थिति साफ कर सकती है। वहीं, पार्टी हाईकमान के फैसले को लेकर चुनाव मैदान में उतरने वाली भावी प्रत्याशी बेहद उत्सुक नजर आ रहे हैं।
Published on:
10 Jan 2022 12:36 pm
बड़ी खबरें
View Allचुनाव
ट्रेंडिंग
