22 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘गाली-गलौज करके हंसाना बहुत आसान है’, अली असगर ने जाकिर खान को बताया रोल मॉडल, समय रैना-प्रणीत मोरे को लेकर भी दिया बयान

Actor Ali Asgar Calls Zakir Khan Role Model: अभिनेता और कॉमेडियन अली अजगर ने हाल ही में जाकिर खान की जमकर तारीफ की है। उन्होंने क्या कुछ कहा है, चलिए जानते हैं।

2 min read
Google source verification
Actor Ali Asgar Calls Zakir Khan Role Model

Actor Ali Asgar Calls Zakir Khan Role Model (सोर्स- एक्स)

Actor Ali Asgar Calls Zakir Khan Role Model: कॉमेडी की दुनिया में इन दिनों जिस तरह के विवाद सामने आ रहे हैं, उन्होंने कलाकारों की जिम्मेदारी और अभिव्यक्ति की सीमाओं पर नई बहस छेड़ दी है। इसी बीच अभिनेता और कॉमेडियन अली असगर ने ऐसा बयान दिया है, जिसने एक बार फिर साफ कर दिया कि वो साफ-सुथरी और परिवार के साथ बैठकर देखी जाने वाली कॉमेडी के पक्षधर हैं। उन्होंने न सिर्फ युवा कॉमेडियंस को सोच-समझकर बोलने की सलाह दी, बल्कि जाकिर खान को नई पीढ़ी के लिए आदर्श भी बताया।

अली असगर ने विवादित कॉमेडी पर की बात

हाल के दिनों में 'इंडियाज गॉट लैटेंट' के दूसरे सीजन और कॉमेडियन प्रणीत मोरे के वायरल बिरयानी जोक को लेकर सोशल मीडिया पर काफी बहस देखने को मिली। इसी बीच 'इंडिया टुडे' के साथ बातचीत में अली असगर ने कहा कि कुछ पल की हंसी या सोशल मीडिया लाइक्स के लिए ऐसी बातें नहीं करनी चाहिए, जो बाद में परेशानी का कारण बन जाएं। उनका मानना है कि कलाकारों को पहले सोचने और फिर बोलने की आदत डालनी चाहिए, क्योंकि उनके शब्दों की जिम्मेदारी आखिरकार उन्हीं के कंधों पर आती है।

अली असगर ने की जाकिर खान की तारीफ

अली असगर का कहना है कि कॉमेडी करना आसान काम नहीं है। लाखों लोग कलाकारों को देखते और सुनते हैं, ऐसे में उन्हें अपनी लोकप्रियता का इस्तेमाल सकारात्मक मनोरंजन के लिए करना चाहिए। उनका मानना है कि अगर कॉमेडियन पारिवारिक और हर वर्ग के लोगों से जुड़ने वाली कॉमेडी पर ज्यादा ध्यान दें, तो धीरे-धीरे मनोरंजन की दिशा भी बदल सकती है।

इस दौरान उन्होंने जाकिर खान का उदाहरण देते हुए कहा कि उनकी सफलता और लोकप्रियता इस बात का प्रमाण है कि बिना किसी विवादित या आपत्तिजनक सामग्री के भी लोगों के दिलों में जगह बनाई जा सकती है। अली असगर ने माना कि उन्होंने जाकिर खान से कभी व्यक्तिगत मुलाकात नहीं की, लेकिन उनकी बातें और अंदाज यह दिखाते हैं कि वे जमीन से जुड़े इंसान हैं और उनकी कॉमेडी हर उम्र के लोगों को अपनी लगती है।

गाली-गलौज के सहारे हंसाना आसान है

उन्होंने ये भी कहा कि गाली-गलौज या निजी टिप्पणियों के सहारे लोगों को हंसाना सबसे आसान तरीका है, लेकिन इसका असर लंबे समय में नुकसानदायक हो सकता है। कलाकारों को अपनी पहचान ऐसी चीजों से बनानी चाहिए, जिन पर उन्हें भविष्य में पछताना न पड़े। किसी और को देखकर वही रास्ता अपनाना जरूरी नहीं है, क्योंकि हर व्यक्ति की अपनी अलग पहचान और जिम्मेदारी होती है।

खुद को अभिनेता मानते हैं अली

हालांकि, अली असगर खुद को स्टैंडअप कॉमेडियन नहीं, बल्कि अभिनेता मानते हैं। उन्होंने बताया कि दिग्गज अभिनेता और कॉमेडियन महमूद उनके सबसे बड़े इंस्पायरिंग रहे हैं। उनके अभिनय और फिल्मों को देखकर ही उनमें सिनेमा के प्रति जुनून पैदा हुआ। आज भी वे महमूद साहब को कॉमेडी का सबसे बड़ा स्कूल मानते हैं।

बता दें कि प्रणीत मोरे का नाम उस समय विवादों में आया, जब उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और कई लोगों ने उनकी टिप्पणियों पर आपत्ति जताई। वहीं, 'इंडियाज गॉट लेटेंट' भी पहले से विवादों में रहा है।