
Alliance Latest Episode (सोर्स: Instagram-hungamastudio)
Alliance Reality Show: रियलिटी शो 'अलायंस' के लेटेस्ट एपिसोड में उस समय माहौल गर्म हो गया जब एक्ट्रेस काम्या पंजाबी ने घर में एंट्री करते ही एली गोनी के गेमप्ले पर सवाल उठा दिए। कुशाल टंडन का समर्थन करने पहुंचीं काम्या ने आरोप लगाया कि एली शुरुआत से ही एक तय एजेंडे के साथ शो में आए थे और उन्होंने कुशाल को निशाना बनाने की रणनीति बनाई थी। एपिसोड का ये टकराव सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया है।
बता दें, हेडक्वार्टर में एंट्री के बाद काम्या पंजाबी ने सबसे पहले उन लोगों का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने मुश्किल समय में कुशाल टंडन का साथ दिया। उन्होंने सोहेल खान और मिनी माथुर का नाम लेते हुए कहा कि दोनों ने ऐसे समय में कुशाल का हौसला बढ़ाया, जब वह खुद को अकेला महसूस कर रहे थे।
इसके बाद काम्या ने सीधे एली गोनी को टारगेट करते हुए उनके "ऑर्गेनिक गेम" खेलने के दावे पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एली शो में पहले दिन से ही कुशाल को लेकर एक तय सोच के साथ आए थे। इसके साथ ही, काम्या ने दावा किया कि एली ने शुरुआत में ही कहा था कि कुशाल खुद को गेम चलाने वाला समझते हैं, जबकि ऐसी राय घर के अंदर मौजूद किसी खिलाड़ी की नहीं बल्कि दर्शकों की हो सकती है। जब एली ने इस दावे पर आपत्ति जताई तो काम्या ने कहा कि इसका वीडियो क्लिप मौजूद है।
काम्या ने आगे आरोप लगाया कि एली और उनके साथियों ने एक कमरे में बैठकर सिर्फ कुशाल टंडन को नॉमिनेट करने और उन्हें टारगेट करने की रणनीति बनाई थी। उन्होंने ये भी कहा कि उस समय सोहेल खान इस योजना से सहमत नहीं थे, इसलिए वो रणनीति पूरी तरह लागू नहीं हो सकी।
दरअसल, शो से बाहर निकलने से पहले काम्या ने कुशाल टंडन को संयम बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अब फिनाले में सिर्फ एक सप्ताह बचा है, इसलिए किसी भी उकसावे में आकर अपना आपा नहीं खोना चाहिए। उन्होंने याद दिलाया कि सलमान खान भी पहले ऐसी स्थिति में शांत रहने और मुस्कुराकर जवाब देने की सलाह दे चुके हैं।
'अलायंस' प्राइम वीडियो का स्ट्रैटेजी बेस्ड रियलिटी शो है, जिसे कुणाल खेमू होस्ट कर रहे हैं। शो में 16 सेलिब्रिटी और कंटेंट क्रिएटर्स बदलते गठबंधनों और कठिन टास्क के जरिए मुकाबला कर रहे हैं। हाल ही में वंशज सिंह शो से बाहर हो चुके हैं, जबकि रवि किशन ने सांसद के तौर पर अपनी जिम्मेदारियों के चलते शो छोड़ दिया। उनकी जगह सोहेल खान, वृद्धि पटवा और आगू स्टेनली चिडोजी ने एंट्री ली है। तो वहीं कंटेंट क्रिएटर डॉली जावेद भी शो से बाहर हो चुकी हैं।
Updated on:
29 Jul 2026 05:59 pm
Published on:
29 Jul 2026 05:58 pm
