
दिव्यांका सिरोही ने दोस्त का खुलासा
Divyanka Sirohi Death: हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में उस समय हड़कंप मच गया, जब खबर आई कि उभरती हुई स्टार, दिव्यांका सिरोही, अब हमारे बीच नहीं है। 29 साल की उम्र, 13 लाख से ज्यादा सोशल मीडिया फॉलोअर्स और 50 से अधिक म्यूजिक वीडियो में काम करने वाली दिव्यांका की मौत में अब नए-नए खुलासे हो रहे हैं। पहले उनके दोस्तों ने सवाल खड़े किए थे कि आखिर क्यों दिव्यांका का पोस्टमार्टम नहीं हुआ? आखिर क्यों उनका अंतिम संस्कार इतने गुपचुप तरीके से हुआ। इसी सवालों के साथ उनके साथ उनकी मौत को 'डेथ मिस्ट्री' से कम नहीं माना जा रहा। वहीं, सामने आ रहा है कि दिव्यांका आर्थिक समस्या से जूझ रही थी।
दैनिक भास्कर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, दिव्यांका पिछले कुछ समय से गंभीर मानसिक तनाव और आर्थिक तंगी से गुजर रही थीं। सूत्रों का कहना है कि उन्हें मनमुताबिक काम नहीं मिल रहा था, जिसका असर उनकी माली हालत पर पड़ने लगा था। हालात इतने खराब थे कि अपनी मौत से महज 15-20 दिन पहले उन्होंने अपने एक करीबी दोस्त से पैसों की मदद भी मांगी थी। काम की तलाश में वह दिन-रात अपने जानकारों को फोन करती थीं और घर बैठे ही नए प्रोजेक्ट्स की जुगत में लगी रहती थीं।
उनके को-स्टार बिंदर दनोदा ने भी इस बात की पुष्टि की है कि दिव्यांका अपने करियर को लेकर काफी परेशान रहने लगी थीं। बिंदर के अनुसार, "वह काम को लेकर बहुत सीरियस थीं, लेकिन कई बार बातचीत के दौरान उन्होंने पैसों की तंगी और काम न मिलने का जिक्र किया था।"
शायद इन्हीं मुश्किलों की वजह से दिव्यांका ने गुरुग्राम का अपना घर छोड़ दिया था और पिछले कुछ हफ्तों से गाजियाबाद में अपने परिवार के साथ रह रही थीं। वह आखिरी बार सिरसा में एक लाइव शो के दौरान गायक मासूम शर्मा के साथ मंच पर दिखी थीं, जहां किसी को अंदाजा भी नहीं था कि यह उनकी आखिरी परफॉर्मेंस होगी।
परिवार का कहना है कि मंगलवार रात दिव्यांका अपने कमरे में अकेली थीं, तभी उन्हें दिल का दौरा पड़ा और वह जमीन पर गिर पड़ीं। गिरने की वजह से उनके सिर में अंदरूनी चोट आई, जो जानलेवा साबित हुई। लेकिन इस थ्योरी पर कई सवाल उठ रहे हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि इतनी कम उम्र में हार्ट अटैक आने और बिना पोस्टमार्टम के आनन-फानन में अंतिम संस्कार कर दिए जाने से मामला संदिग्ध हो गया है।
पुलिस को भी इस घटना की कोई औपचारिक सूचना नहीं दी गई थी। जब तक इंडस्ट्री के लोगों और फैंस को खबर मिली, तब तक उनका अंतिम संस्कार किया जा चुका था। क्या यह वाकई एक मेडिकल इमरजेंसी थी या फिर ग्लैमर की दुनिया के दबाव और आर्थिक बोझ ने उन्हें तोड़ दिया था? फिलहाल, दिव्यांका की मौत की असली वजह उन अनसुलझे सवालों के बीच दफन हो गई है, जिनका जवाब शायद अब कभी न मिल सके।
Published on:
23 Apr 2026 01:27 pm
बड़ी खबरें
View Allमनोरंजन
ट्रेंडिंग
