
एल्विश-तेजस्वी की लड़ाई बढ़ा (सोर्स: instagram- mxbyprimevideo)
Tejasswi Prakash viral video: रियलिटी शो ‘प्लेग्राउंड सीजन 5’ के सेट से सामने आए एक वायरल वीडियो को लेकर एल्विश यादव और तेजस्वी प्रकाश के बीच विवाद चर्चा में है। वीडियो में दोनों मेंटर्स के बीच तीखी बहस होती नजर आ रही है। क्लिप सामने आने के बाद एल्विश ने सोशल मीडिया पर अपनी बात रखी और तेजस्वी पर सेट की फुटेज लीक करने का आरोप लगाया। उन्होंने ये भी कहा कि हर मुद्दे में जेंडर एंगल लाना सही नहीं है।
वायरल क्लिप में एल्विश यादव अपनी टीम के सदस्यों को उनके प्रदर्शन को लेकर डांटते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान तेजस्वी प्रकाश ने उन्हें टोका, जिसके बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।
वीडियो में एल्विश को तेजस्वी से ‘चुप हो जाओ’ कहते हुए भी सुना जा सकता है। इसके बाद दोनों के बीच काफी तीखी बातचीत होती है। इसी क्लिप के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया।
वीडियो सामने आने के बाद एल्विश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर अपना पक्ष रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि सेट से फुटेज को इस तरह लीक किया गया, जिससे उन्हें गलत तरीके से दिखाया जा सके। एल्विश ने लिखा कि अगर कोई नेशनल टेलीविजन पर उनके बारे में ‘लड़का-लड़की’ वाली कहानी बनाने की कोशिश करता है, तो उन्हें इससे परेशानी नहीं है, लेकिन हर मामले में जेंडर एंगल घसीटना उन्हें सही नहीं लगता। उन्होंने कहा कि ‘हर चीज में वुमन कार्ड लाना कूल नहीं है।’
उन्होंने अपने व्यवहार का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने परिस्थिति के हिसाब से उसी भाषा में जवाब दिया था। साथ ही, एल्विश ने तेजस्वी पर गलत इंटरव्यू देने और उनके फैंस के बारे में कथित तौर पर गलत तरीके से बात करने का भी आरोप लगाया।
एल्विश ने अपने पोस्ट में तेजस्वी पर एक और तंज कसा। उन्होंने कहा कि वह उन्हें बेहतर इन्वेस्टमेंट प्लान दे सकते हैं, ताकि उनका पैसा सही जगह लगाया जाए और PR पर बर्बाद न हो।
उन्होंने यह भी कहा कि अब उन्हें समझ आ गया है कि कौन कितने महत्व का हकदार है। एल्विश ने साफ किया कि अगर अपने और अपने फैंस के लिए खड़ा होना गलत माना जाता है, तो उन्हें गलत होने में कोई परेशानी नहीं है।
इस पूरे विवाद में एल्विश यादव ने अपना पक्ष सामने रख दिया है, लेकिन तेजस्वी प्रकाश ने अब तक एल्विश के आरोपों और उनके कमेंट्स पर सार्वजनिक रूप से कोई जवाब नहीं दिया है।
एल्विश और तेजस्वी इससे पहले ‘लाफ्टर शेफ्स’ में भी साथ नजर आ चुके हैं और दोनों की बॉन्डिंग की चर्चा हुई थी। अब ‘प्लेग्राउंड सीजन 5’ के सेट से सामने आए इस वीडियो ने दोनों के बीच कथित मतभेद को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा बढ़ा दी है।
Updated on:
04 Sept 2026 12:42 pm
Published on:
04 Sept 2026 12:41 pm
