17 सितंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

नेशनल अवॉर्ड विनर फिल्ममेकर डोमिनिक संगमा पर हुआ कथित हमला, पत्नी ने दो युवकों पर लगाया आरोप

Dominic Sangma Assault: फिल्ममेकर डोमिनिक संगमा पर कथित तौर पर हमला हुआ है। उनकी पत्नी ने दो युवकों पर आरोप लगाया है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
2 min read
Google source verification
Dominic Sangma Assault

डोमिनिक संगमा (फोटो सोर्स- IMDb)

Dominic Sangma Assault: नेशनल अवॉर्ड विजेता फिल्ममेकर और फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) के जोटे कैंपस में स्क्रीनराइटिंग विभाग के प्रमुख डोमिनिक संगमा के साथ अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में कथित मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि वो FTII के कुछ छात्रों के साथ कथित बदसलूकी देख बीच-बचाव करने पहुंचे थे, जिसके बाद दो युवकों ने उन पर हमला कर दिया। घटना के बाद उनकी पत्नी कैरी पाडु ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शाम की सैर से लौटते समय हुआ कथित हमला

जानकारी के मुताबिक, घटना 16 सितंबर की शाम करीब 6:30 बजे जुल्लांग-राकाप रोड के पास हुई। डोमिनिक संगमा FTII जोटे कैंपस के आसपास शाम की सैर से लौट रहे थे। इसी दौरान राकाप गांव के पास कथित तौर पर दो युवक कुछ FTII छात्रों को परेशान कर रहे थे। संगमा ने कथित तौर पर छात्रों की मदद के लिए बीच में हस्तक्षेप किया।

पुलिस और मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, इसके बाद मामला बिगड़ गया और दोनों युवकों ने कथित तौर पर संगमा के साथ मारपीट की। शिकायत में एक FTII सुरक्षा गार्ड और चार छात्रों के साथ भी कथित तौर पर मारपीट और उन्हें गलत तरीके से रोकने का आरोप लगाया गया है।

पत्नी ने सोशल मीडिया पर जताई नाराजगी

डोमिनिक संगमा की पत्नी कैरी पाडु ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए घटना की जानकारी साझा की। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति ने छात्रों को कथित तौर पर पीटे जाते देख उन्हें बचाने की कोशिश की, जिसके बाद युवकों ने संगमा को निशाना बनाया।

कैरी पाडु ने घटना पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें इस मामले को लेकर गुस्सा और शर्म दोनों महसूस हो रही है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की।

FIR में दो युवकों के नाम

मामले में बालिजन पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 117(2), 126 और 351 के तहत FIR दर्ज की गई है। FIR में राकाप गांव के रहने वाले टेची नानू और टेची संजय के नाम आरोपियों के तौर पर दर्ज किए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही होगी।

कौन हैं डोमिनिक संगमा?

मेघालय से ताल्लुक रखने वाले डोमिनिक संगमा गारो भाषा की फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। उनकी फिल्म ‘Rapture’ को 66वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में बेस्ट गारो फिल्म का सम्मान मिला था। वह FTII के जोटे कैंपस में स्क्रीनराइटिंग विभाग का नेतृत्व भी करते हैं। उनकी फिल्मों की स्क्रीनिंग अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में भी हो चुकी है।

रिपोर्टों के अनुसार, घटना के बाद संगमा के शरीर पर चोट के निशान और होंठ पर चोट आई है। उन्होंने बताया कि उन्हें कंधे में भी दर्द है, हालांकि गंभीर सिर की चोट या हड्डी टूटने जैसी स्थिति सामने नहीं आई है। उन्होंने इस पूरे मामले में अपने से ज्यादा छात्रों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। फिलहाल पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है और मामले की जांच जारी है। घटना में लगाए गए आरोपों पर आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर होगी।

बड़ी खबरें

View All

मनोरंजन

ट्रेंडिंग