
गुरु रंधाना का नया गाना हुआ ट्रोल (Photo Source- Youtube Guru Randhawa)
Guru Randhawa new song Controversy: मशहूर पंजाबी पॉप सिंगर गुरु रंधावा (Guru Randhawa) का नया म्यूजिक वीडियो 'फाइन शिट' (Fine Shit) रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर भारी ट्रोलिंग का शिकार हो गया है। गाना रिलीज होने के बाद से ही यूजर्स और इसे सुनने वाले इस पर तीखी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और इसे बेहद निराशाजनक बता रहे हैं। ऑफिस सेटअप पर आधारित इस वीडियो के कॉन्सेप्ट और गानों के बोल को लेकर इंस्टाग्राम और X (पूर्व में ट्विटर) पर मीम्स और फनी कमेंट्स की बाढ़ आ गई है। लोग सोशल मीडिया पर इस गाने को लेकर सिंगर को जमकर ट्रोल भी कर रहे हैं।
फाइन शिट गाने का वीडियो एक डिस्क्लेमर से शुरू होता है, जिसमें लिखा गया है कि इसमें दिखने वाले सभी कलाकार 18 साल से ऊपर के हैं। इसके साथ ही मजाकिया चेतावनी दी गई है कि दर्शक इन स्टेप्स को अपने ऑफिस में न आजमाएं, वरना HR उन्हें बैन कर देगा। वहीं, वीडियो के सीन में गुरु रंधावा ऑफिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के किरदार में नजर आ रहे हैं, जो काम कर रहे हैं और उनके आसपास कई महिला सहकर्मी डांस कर रही हैं। गुरु रंधावा और यशवी देसाई द्वारा गाए गए इस ट्रैक में रूही दोसानी, डिविनिटी बिष्ट और अर्शिया सिन्हा जैसे कलाकार शामिल हैं।
गाने के कॉन्सेप्ट और संगीत को लेकर अपनी भड़ास निकाल रहे हैं। एक यूजर ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए इसे सीधा "नॉइज पॉल्यूशन"करार दिया, तो वहीं दूसरे ने लिखा कि "बहरे लोगों की एक और जीत हुई है।" कई लोगों ने मजाक में लिखा कि गाना सुनने से पहले उनके कान के पर्दे क्यों नहीं फट गए, जबकि कुछ यूजर्स ने तो गुरु रंधावा से इस्तीफे तक की मांग कर डाली। एक अन्य ने लिखा, इस घटिया गाने के बाद गुरु रंधावा को अगला टोनी टक्कर घोषित करने की याचिका।"
यह पहला मौका नहीं है जब गुरु रंधावा अपने गानों को लेकर विवादों में आए हैं। पिछले साल रिलीज हुए उनके म्यूज़िक वीडियो 'अज़ुल' (Azul) को लेकर भी भारी आलोचना हुई थी। अज़ुल के वीडियो में एक टीचर और स्कूल की छात्रा के बीच के संबंध को गलत तरीके से दिखाने और स्कूल ड्रेस में बोल्ड डांस सीक्वेंस पेश करने का आरोप लगा था। तब भी सोशल मीडिया पर सिंगर को ऐसी कोरियोग्राफी और प्रीडेटरी व्यवहार को बढ़ावा देने के लिए आलोचना का सामना करना पड़ा था।
Updated on:
08 Aug 2026 08:00 am
Published on:
08 Aug 2026 08:00 am
