
FDA चीफ तुकाराम मुंढे के मुरीद हुए मनोज बाजपेयी (सोर्स: X-@anupamketkar)
Manoj Bajpayee Statement: महाराष्ट्र के फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट के कमिश्नर तुकाराम मुंढे इन दिनों अपने सख्त कामकाज को लेकर चर्चा में हैं। अब अभिनेता मनोज बाजपेयी ने भी उनके काम करने के तरीके और ड्यूटी के प्रति समर्पण की तारीफ की है। मनोज ने कहा कि आज के दौर में अगर कोई व्यक्ति पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ अपना काम करता है, तो लोगों को यह असामान्य लगता है और वह चर्चा में आ जाता है।
ANI से बातचीत के दौरान मनोज बाजपेयी ने समाज में ईमानदारी से काम करने वाले अधिकारियों को मिलने वाली प्रतिक्रिया पर बात की। उन्होंने कहा कि किसी पुलिस अधिकारी या तुकाराम मुंढे जैसे अधिकारी को एक खास जिम्मेदारी के लिए नियुक्त किया जाता है। जब वह पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ अपना काम करता है, तो लोगों को यह देखकर हैरानी होती है और वह वायरल हो जाता है।
अभिनेता ने कहा, 'इसका सीधा सा मतलब है कि जब कोई पूरी ईमानदारी से अपना काम करता है, तो वह सेलिब्रिटी बन जाता है।' उन्होंने इसे समाज की मौजूदा स्थिति से जोड़ते हुए कहा कि यह सोचने वाली बात है कि एक व्यक्ति का अपना काम ईमानदारी से करना ही उसे सेलिब्रिटी बना देता है।
तुकाराम मुंढे ने महाराष्ट्र की फूड सेफ्टी बॉडी के कमिश्नर का पद संभालने के बाद फूड सेफ्टी नियमों का पालन सुनिश्चित करने को लेकर सख्त रुख अपनाया है। विभाग की ओर से ऐसे फूड बिजनेस के खिलाफ निरीक्षण और कार्रवाई की जा रही है, जहां सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाया जाता है। इसी कामकाज को लेकर तुकाराम मुंढे चर्चा में हैं और अब मनोज बाजपेयी ने भी उनके डेडिकेशन की सराहना की है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो मनोज बाजपेयी जल्द फिल्म 'लास्ट मैन इन टावर' में नजर आने वाले हैं। फिल्म का निर्देशन बेन रेखी ने किया है, जबकि इसे राणा दग्गुबाती की स्पिरिट मीडिया ने प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म अरविंद अडिगा के इसी नाम के नॉवेल पर आधारित है। इसमें मनोज बाजपेयी के अलावा दिव्या दत्ता और बोमन ईरानी भी अहम भूमिकाओं में हैं।
फिल्म में मनोज एक रिटायर्ड स्कूल टीचर 'मास्टरजी' का किरदार निभा रहे हैं। कहानी उस वक्त दिलचस्प मोड़ लेती है, जब मास्टरजी अपनी सोसायटी के लोगों की इच्छा के खिलाफ फैसला लेते हैं और इसके चलते बिल्डिंग में रहने वाले लोगों के बीच टकराव की स्थिति पैदा हो जाती है। फिल्म में बदलती परिस्थितियों के बीच लोगों की पसंद, रिश्तों और आपसी संबंधों को दिखाया गया है। 'लास्ट मैन इन टावर' 11 सितंबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
Updated on:
04 Sept 2026 03:42 pm
Published on:
04 Sept 2026 03:42 pm
बड़ी खबरें
View Allमनोरंजन
ट्रेंडिंग
