
यूट्यूबर अनुराग डोभाल
Anurag Dobhal family dispute police complaint: 'यूके07 राइडर' (The UK07 Rider) के नाम से मशहूर देश के जाने-माने मोटोव्लॉगर और यूट्यूबर अनुराग डोभाल इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर लगातार विवादों और चर्चाओं में बने हुए हैं। पिछले दिनों अपने फैंस से कुछ सच छुपाने के लिए माफी मांगने वाले अनुराग ने अब एक नया वीडियो व्लॉग शेयर कर सबको हैरान कर दिया है। अनुराग ने इस लेटेस्ट वीडियो में दावा किया है कि उनके खुद के परिवार ने उनके खिलाफ साजिश रची है और पुलिस में 50 से 60 पन्नों की एक बेहद गंभीर शिकायत दर्ज कराई है, जिसे पढ़कर उनका दिमाग घूम गया है।
अनुराग डोभाल ने अपने व्लॉग में भावुक होते हुए बताया कि वह अपने जीवन के बुरे दौर और पुरानी कड़वाहट को पीछे छोड़कर एक नई शुरुआत करना चाहते थे, लेकिन उनके परिवार ने ऐसा होने नहीं दिया। उन्होंने दावा किया, "जिस रात मेरा भयानक कार एक्सीडेंट हुआ था, ठीक उसी रात मेरे पापा पुलिस स्टेशन पहुंच गए थे और उन्होंने मेरे खिलाफ शिकायत लिखवाई थी। मुझे उस समय इस बात का अंदाजा भी नहीं था, लेकिन बाद में जब परिवार ने दोबारा 50-60 पन्नों की लंबी चौड़ी शिकायत फाइल की और मैंने उसे पढ़ा, तो मैं दंग रह गया।"
अनुराग के मुताबिक, इस शिकायत में उन पर कई संगीन और झूठे आरोप लगाए गए हैं। अगर वह समय रहते इन कानूनी आरोपों का जवाब नहीं देते या अपने वकीलों से बात नहीं करते, तो आज वह सलाखों के पीछे जेल में होते। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया था कि अनुराग ने अपनी प्रॉपर्टी के कागजातों पर साइन कराने के लिए अपने माता-पिता पर दबाव बनाया था और अपने दोस्तों के जरिए उन्हें धमकियां दिलवाई थीं। अनुराग ने इन सभी बातों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उनके पास खुद को बेगुनाह साबित करने के लिए हर एक बात का पक्का सबूत है।
आपको बता दें कि अनुराग डोभाल की पारिवारिक कलह इस साल मार्च के महीने में तब सामने आई थी, जब उन्होंने खुलासा किया था कि उनकी इंटरफेथ मैरिज से उनका परिवार खुश नहीं है और उन्होंने उनकी पत्नी को अपनाने से साफ इनकार कर दिया है। हालांकि, दूसरी तरफ उनके भाई ने इन आरोपों को गलत बताते हुए कहा था कि अनुराग यह सब सिर्फ इंटरनेट पर 'व्यूज' और टीआरपी कमाने के लिए कर रहे हैं।
इस पारिवारिक तनाव के बीच अनुराग कुछ समय पहले इंस्टाग्राम पर लाइव आए थे, जहां गाड़ी चलाते हुए उन्होंने आत्महत्या करने की बात कही थी और उसके तुरंत बाद उनकी कार का एक्सीडेंट हो गया था। अस्पताल में लंबे इलाज के बाद ठीक हुए अनुराग ने अब साफ कर दिया है कि वे अपनी पत्नी और खासकर अपने मासूम बेटे के भविष्य के लिए इस कानूनी लड़ाई को लड़ेंगे और अपनी जिंदगी को नए सिरे से दोबारा शुरू करेंगे।
Updated on:
21 May 2026 06:50 am
Published on:
21 May 2026 06:43 am
बड़ी खबरें
View Allमनोरंजन
ट्रेंडिंग
