21 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पिंकी’ के प्यार में लुटाए 2.5 लाख, जब घूंघट उठा तो निकला पड़ोस का रावेन्द्र, फतेहपुर का अनोखा लव फ्रॉड

Online Love Fraud Fatehpur: सोशल मीडिया पर 'पिंकी' बनकर जिस लड़की से रात-रात भर चैट करता था, वो असल में पड़ोस का ही लड़का निकला। 2.5 लाख की ठगी का यह अजीबोगरीब मामला उत्तर प्रदेश के फतेहपुर से सामने आया है। पढ़ें पूरी खबर...

2 min read
Google source verification
Fatehpur crime news, online love fraud Fatehpur

पिंकी निकला रावेन्द्र | फोटो सोर्स- gemini

Online Love Fraud Fatehpur: सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करना कितना खतरनाक हो सकता है, इसका एक हैरान करने वाला मामला उत्तर प्रदेश के फतेहपुर से सामने आया है। यहां एक युवक जिसे अपनी प्रेमिका समझकर रात-रात भर बातें करता था और जिसके लिए उसने 2.5 लाख रुपये पानी की तरह बहा दिए, वो असल में कोई लड़की नहीं बल्कि उसके ही पड़ोस का ही एक लड़का निकला। डिजिटल दुनिया में हुए इस धोखे की चर्चा अब हर तरफ हो रही है।

खूबसूरत प्रोफाइल पिक्चर देखकर जाल में फंसा युवक

यह अजीबोगरीब मामला फतेहपुर के धाता इलाके का है। यहां रहने वाले बालचंद्र नाम के युवक के साथ यह धोखा हुआ है। दरअसल, कस्बे के ही एक लड़के रावेन्द्र कुमार (उर्फ शिवा) ने सोशल मीडिया पर 'पिंकी' नाम से एक फर्जी अकाउंट बनाया था। रावेन्द्र ने उस अकाउंट पर एक खूबसूरत लड़की की फोटो लगा रखी थी। रावेन्द्र ने इसी फर्जी आईडी से बालचंद्र को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। बालचंद्र ने जैसे ही रिक्वेस्ट एक्सेप्ट की, दोनों में बातें शुरू हो गई। धीरे-धीरे यह बातें प्यार में बदल गई और दोनों घंटों चैटिंग करने लगे।

शादी का झांसा देकर ठगे ₹2.50 लाख

जैसे-जैसे दोनों की बातचीत बढ़ी, 'पिंकी' बने रावेन्द्र ने बालचंद्र का भरोसा पूरी तरह जीत लिया। इसके बाद उसने बालचंद्र से पैसों की मांग शुरू कर दी। कभी अपने शौक पूरे करने के नाम पर, तो कभी जल्द ही शादी करने का झांसा देकर पैसे मांगने शुरू कर दिए। प्यार में अंधा हो चुका बालचंद्र बिना सोचे-समझे अलग-अलग बहानों से ऑनलाइन पैसे भेजता रहा। इस तरह उसने कुल 2.50 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।

दोस्तों के सामने शेखी बघारी, तो खुला राज

इस ठगी का पता तब चला जब आरोपी रावेन्द्र खुद को रोक नहीं पाया। पैसे ऐंठने के बाद वह अपने दोस्तों के बीच बैठकर बालचंद्र का मजाक उड़ाने लगा। उसने दोस्तों को बताया कि कैसे वह लड़की बनकर बालचंद्र को बेवकूफ बना रहा है। दोस्तों के बीच हुई यह बात किसी तरह बालचंद्र तक पहुंच गई। जब बालचंद्र ने इस बात की छानबीन की, तो सच जानकर उसके होश उड़ गए। जिसे वह अपनी होने वाली पत्नी मान रहा था, वह उसके ही पड़ोस का लड़का रावेन्द्र निकला।

पैसे मांगने पर दी धमकी, अब पुलिस करेगी हिसाब

जब सच सामने आया तो बालचंद्र ने रावेन्द्र से अपने ढाई लाख रुपये वापस मांगे। इस पर रावेन्द्र ने पैसे लौटाने से साफ मना कर दिया और बालचंद्र को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। हारकर पीड़ित बालचंद्र ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी रावेन्द्र के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है।