
घाटे से उबारने को महाराष्ट्र सरकार खरीदेगी एयर इंडिया की इमारत
नई दिल्ली। देश की सरकारी विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया के मुंबई स्थित मुख्य कार्यालय की इमारत एयर इंडिया बिल्डिंग बिकने को तैयार है। 50 हजार करोड़ रुपए से अधिक के घाटे में चल रही एयर इंडिया की इस इमारत का खरीददार कोई और नहीं बल्कि महाराष्ट्र सरकार है।
सूत्रों की मानें तो 1,400 करोड़ रुपए में राज्य सरकार ने नरीमन प्वाइंट समुद्र किनारे स्थित 27 मंजिला इमारत को खरीदने का मन बनाया है। हालांकि इस मामले पर अभी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का अंतिम निर्णय बाकी है।
भारी घाटे के चलते वर्ष 2013 से ही एयर इंडिया बिल्डिंग को बेचने की योजना शुरू की गई थी, लेकिन उचित दाम देने वाला कोई खरीदार नहीं मिला। जेएनपीटी ने 1,375 करोड़ तो एलआइसी ने 1,200 करोड़ रुपए कीमत लगाई थी।
यह जगह राज्य सरकार की है जिसे एयर इंडिया को लीज पर दिया गया है। अब केंद्र सरकार चाहती है कि इसे राज्य सरकार ही खरीदे, ताकि निजीकरण के आरोप से भी सरकार बच जाए।
राज्य के अधिकारियों की मानें तो राज्य सरकार इस इमारत को नहीं खरीदना चाहती है, लेकिन केंद्र सरकार के दबाव में यह इमारत राज्य को खरीदनी पड़ रही है। इसी के नीचे वर्ष 1992 में विस्फोट हुआ था, जिसकी वजह से इसके ढांचे कमजोर हो गए हैं। नतीजन इसकी कीमत 350 करोड़ रुपए से अधिक कोई नहीं देना चाहता।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा राज्य सरकार को मजबूरन 1,400 करोड़ रुपए में इसे खरीदना पड़ रहा है। वहीं इस मामले में एयर इंडिया के व्यवस्थापक संचालक ने अश्विनी लोहानी ने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया है।
Business जगत से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर और पाएं बाजार, फाइनेंस, इंडस्ट्री, अर्थव्यवस्था, कॉर्पोरेट, म्युचुअल फंड के हर अपडेट के लिए Download करें patrika Hindi News App.
Published on:
07 May 2019 07:19 pm
बड़ी खबरें
View AllPersonal Finance
कारोबार
ट्रेंडिंग
