
Murder ssp
फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ क्षेत्र में विगत दिनों हुई युवक की हत्या का खुलासा कर दिया। पुलिस ने घटना का खुलासा कर किन्नर सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से दो तमंचा, चार कारतूस सहित एक मोटर साईकिल बरामद की है। पत्नी बनकर रह रहे किन्नर ने ही युवक की हत्या कराने के लिए सुपारी दी थी।
एसएसपी ने दी घटना की जानकारी
एसएसपी सचिन्द्र पटेल ने वार्ता के दौरान बताया कि थाना रामगढ़ क्षेत्र में 14 सितम्बर की रात्रि में 45 वर्षीय युवक विजय उर्फ कुमरपाल पुत्र वेदराम की हत्या की गयी थी। उसके भाई किशन स्वरूप पुत्र वेदराम निवासी बरतरा थाना नारखी ने अभियुक्ता दीक्षा किन्नर व चन्दन (दीक्षा किन्नर का भाई) व पड़ोसी सौरव निवासीगण पुरूषोत्म विहार कालोनी थाना रामगढ़ व तीन अज्ञात के विरूद्ध थाना रामगढ़ पर मुकद्मा पंजीकृत कराया गया था। घटना के अनावरण को पुलिस अधीक्षक नगर राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व व क्षेत्राधिकारी नगर अरूण कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रामगढ़ भानु प्रताप सिंह, क्राइम ब्रांच प्रभारी कुलदीप सिंह के नेतृत्व में टीम को खुलासे के लिए लगाया था।
सांती रोड़ से किए गिरफ्तार
पुलिस को सूचना मिली कि सांती रोड पर हत्यारोपी खड़े हुए हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। पकड़े गए आरोपियों के पास से तंमचा, कारतूस व मोटरसाईकिल बरामद की है। एसएसपी ने बताया कि पूछताछ में दीक्षा किन्नर पुत्री रमेश चन्द्र निवासी पुरूषोत्म विहार कालौनी थाना रामगढ़ ने बताया कि मैं मूल रूप से कुरावली मैनपुरी की रहने वाली हूं। काफी समय से फिरोजाबाद में रहकर शादी विवाह आदि में नेग लेकर अपना जीवन यापन करती हूं।
20 साल से रह रहा था साथ
मृतक विजय उर्फ कुमरपाल करीब 18-20 वर्ष से मेरे पास रहता था और ढोलक बजाने का काम करता था तथा मेरी गाड़ी बुलेरो चलाता था। हम दोनों पति-पत्नी के रूप में रह रहे थे। इसके दो लड़के श्यायवीर व रितुराज भी बचपन से मेरे साथ रहते थे। मृतक विजय मेरे मकान को अपने छोटे बेटे रितुराज के नाम कराना चाहता था। इसी बात को लेकर मेरे साथ मारपीट करता था। इसलिये मैंने विष्णु धीमर उर्फ रोहित पुत्र सुरेश चन्द्र निवासी इन्द्रा कालौनी थाना रामगढ़ को करीब एक-डेड़ माह पूर्व विजय उर्फ कुमरपाल को मरवाने के लिये चार लाख रूपये में बात हुई थी।
एक हजार देगी प्रतिदिन
विष्णू ने बात हुई थी कि विजय उर्फ कुमरपाल के मरने के बाद तुम मेरे पास रहकर मेरी गाड़ी चलाना। मैं तुमको एक हजार रूपये प्रतिदिन दिया करूंगी। एक माह पूर्व विष्णु धीमर उर्फ रोहित मेरे पास विपिन चौहान व भोला ठाकुर जो एटा के रहने वाले है मेरे पास लेकर आया और बताया कि 14 सितंबर को हम विजय को मार देगें। विष्णु धीमर उर्फ रोहित व विपिन चौहान व भोला तीनों 14 सितम्बर की रात्रि में आये और विजय उर्फ कुमरपाल को गोली मारकर भाग गये।
मिलने घर गया था
पूछताछ में विष्णू धीमर उर्फ रोहित ने बताया कि 14 सितम्बर को सुबह दीक्षा से मिलने उसके घर गया था और दीक्षा से बात हुई थी तो मैने उसे बताया था कि आज हम विजय की हत्या कर देगें तो दीक्षा ने कहा कि विजय रात्रि के 10 बजे तक घर के बाहर ही बैठा रहता है। मैं अपने ***** की मोटर साईकिल को लेकर एटा गया वही से विपिन चौहान व भोला ठाकुर को मय असलाहो के साथ लेकर आया था। और विजय उर्फ कुमरपाल की गोली मारकर हत्या कर रात में ही विपिन चौहान व भोला ठाकुर को एटा छोड़कर वापस फिरोजाबाद आ गया था।
Published on:
21 Sep 2018, 2:13 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.