12 जुलाई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सुशासन तिहार के बीच हादसा! देखते ही देखते बच्चे समेत 7 लोग घायल, जानें क्या हुआ

Chhattisgarh Breaking News: गरियाबंद में सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान अचानक ऐसा कुछ हुआ, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार्यक्रम देखने पहुंचे लोगों में चीख-पुकार शुरू हो गई और देखते ही देखते बच्चे समेत 7 लोग घायल हो गए।
2 min read
Google source verification
Gourela Land Dispute Violence

जमीन विवाद में दो पक्ष भिड़े: Land Dispute Clash: (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Sushasan Tihar Accident: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान बड़ा हादसा सामने आया है। जिले के खरहरी गांव में आयोजित शिविर के दौरान कार्यक्रम स्थल के पास खड़ा एक विशाल पीपल का पेड़ अचानक गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, सुशासन तिहार शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे थे। कार्यक्रम को देखने के लिए कुछ लोग और बच्चे पास में मौजूद पीपल के पेड़ पर चढ़ गए थे। इसी दौरान अचानक पेड़ की शाखाएं टूटने लगीं और देखते ही देखते पूरा पेड़ नीचे गिर गया।

हादसे में 7 लोग घायल

हादसे में पेड़ पर बैठे लोगों समेत आसपास मौजूद कुल 7 लोग घायल हो गए। घायलों में दो बच्चे भी शामिल हैं। कई लोगों के हाथ-पैर में चोटें आई हैं, जबकि कुछ लोगों को फ्रैक्चर होने की भी जानकारी सामने आई है।

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना अचानक हुआ कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पेड़ गिरते ही कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला। घटना के समय जिला कलेक्टर समेत कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद थे। हादसे के तुरंत बाद अधिकारियों ने स्थिति को संभाला और राहत कार्य तेज किया गया।

कलेक्टर ने कार्यक्रम किया स्थगित

घटना के बाद जिला कलेक्टर ने संवेदनशीलता दिखाते हुए सुशासन तिहार शिविर कार्यक्रम को तत्काल प्रभाव से स्थगित करने के निर्देश दिए। प्रशासन और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तुरंत गरियाबंद जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

सभी घायलों का इलाज जारी

जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. हरीश चौहान ने बताया कि कुछ घायलों के हाथ और पैर में मामूली फ्रैक्चर है। सभी घायलों का इलाज जारी है और फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं इस हादसे के बाद कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण को लेकर सवाल उठने लगे हैं। वहीं प्रशासन ने भविष्य में ऐसे आयोजनों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की बात कही है।