जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला राजनगर स्थित फोनिक्स क्लीनिक का है। बताया जा रहा है कि क्लीनिक से एक जोड़ी चप्पल चोरी हो गई थीं, जिसका आरोप क्लीनिक के कंपाउंडर 5 साल के मासूम पर लगाया। कंपाउंडर बच्चे को पकड़कर क्लीनिक पर ले आया और उससे चप्पलों के बारे में पूछने लगा। इस पर बच्चे ने चोरी से इनकार किया तो कंपाउंडर ने उसे क्लीनिक के बाहर जंजीरों में बांध दिया और ताला भी लगा दिया। इस दौरान बच्चा रोते हुए खुद को छोड़ जाने की गुहार लगाता रहा, लेकिन कंपाउंडर को उस पर तरस नहीं आया। बच्चे का रो-रोकर बुरा हाल था, लेकिन कोई उसकी मदद के लिए नहीं आया। इसी दौरान बच्चे को जंजीरों में जकड़ा और रोते देख यहां से गुजर रहे एक व्यक्ति कंपाउंडर से उसे छोड़ने की बात कही, लेकिन कंपाउंडर नहीं माना। इसके बाद उस व्यक्ति ने अपने मोबाइल पर बच्चे की फोटो खींच ली और स्थानीय पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई और तुरंत बच्चे को जंजीरों से मुक्त कराया और बच्चे को उसके घर भेज दिया।