
गाजियाबाद। शहर के नेशनल हाईवे-24 स्थित कोलम्बिया एशिया अस्पताल में डॉक्टरों की लापरवाही के कारण एक मरीज की जान चली गई। यह आरोप एक मरीज के तीमारदारों द्वारा अस्पताल के डॉक्टरों पर लगाते हुए जमकर हंगामा किया गया। मिली जानकारी के अनुसार मरीज को दो दिनों से डॉक्टरों ने आईसीयू में रखा हुआ था। सोमवार सुबह डॉक्टरों ने परिजनों को सूचना दी कि उनका मरीज वेंटीलेटर पर है। अस्पताल पहुंचने पर परिजनों ने देखा कि उनके मरीज की मौत हो चुकी है। जिसके बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुआ हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।
42 वर्षीय मृतक रमेश कुमार पुत्र गोधा सिंह विजयनगर थाना क्षेत्र के प्रताप विहार स्थित भाऊराव देवरस कालोनी के फ्लैट संख्या बी-312 में परिवार के साथ रहते थे। मृतक के भाई वेदराम सिंह ने बताया कि 13 दिसंबर को रमेश को अचानक ही पैरालाईसिस हुआ था। जिसके बाद वह रमेश को कोलंबिया एशिया अस्तपाल में ले आए और यहां डॉक्टर नीरज अग्रवाल ने भर्ती कर लिया। 14 दिसंबर को उनके शरीर में सूजन आ गई और दर्द भी बढ़ गया। तब डॉक्टर ने कहा कि धीरे-धीरे दर्द और सूजन कम हो जाएगी, किंतु ऐसा नहीं हुआ। 17 दिसंबर को डॉक्टर नीरज ने रमेश को आईसीयू में शिफ्ट करा दिया।
वेदराम का कहना है कि रात्रि नौ बजे परिवार के लोग रमेश को ठीक छोड़कर गए थे। सोमवार सुबह अस्पताल की ओर से फोन पर सूचना दी गई कि उनका मरीज वेंटीलेटर पर है और आकर मिल सकते हैं। परिवार के लोग वहां पहुंचे तो रमेश को मृत पाया। मृतक रमेश के भाई वेदराम और मृतक की पत्नी ने बताया कि जब वह आईसीयू में पहुंचे तो रमेश का हाथ और शरीर नीला पड़ा हुआ था। उनका आरोप है कि डाक्टरों की लापरवाही के कारण उनके मरीज की मौत हुई है।
पीड़ित परिवार ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इतना ही नहीं मृतक के परिजनों ने पोस्टमार्टम के वक्त वीडियोग्राफी कराए जाने की भी मांग की है। मामले में एसपी सिटी आकाश तोमर का कहना है कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक रमेश के परिजनों द्वारा अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ तहरीर ले ली गई है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
18 Dec 2017 07:46 pm
Published on:
18 Dec 2017 07:42 pm
बड़ी खबरें
View Allगाज़ियाबाद
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
