उधर, मृतका के मामा रईस ने बताया कि उसकी बहन की शादी 3 साल पहले मसूरी में रहने वाले एक युवक के साथ हुई थी, जो कि ड्राइवरी करता था। इसके करीब 1 साल बाद उसकी बहन ने एक बेटी को जन्म दिया, जिसके बाद उसकी बहन के ससुराल पक्ष की ओर से उसे तरह-तरह के ताने दिए गए और उससे लड़ाई झगड़ा भी किया गया। क्योंकि उसके परिवार वाले लड़का चाहते थे। रईस ने बताया कि इस मामले में उनकी दखलअंदाजी के बाद मामला कुछ शांत हुआ, लेकिन अब फिर उसकी बहन ने दूसरी बिटिया को जन्म दिया। जो महज 17 दिन की थी। रईस का कहना है कि उसकी बहन ने बताया कि उसके पति ने जबरन उससे बिटिया को छीनकर उसकी हत्या कर पानी की टंकी के पास छत पर फेंक दिया। इसकी सूचना मिलते ही जब वे वहां पहुंचे तो उसके पहले ही बच्ची को दफनाने के लिए ले जाया जा चुका था। शव दफनाने के दौरान मृतका के ननिहाल पक्ष और मृतका के पिता पक्ष का जमकर झगड़ा हुआ। बहरहाल तमाम जद्दोजहद के बाद शव को दफना दिया गया, लेकिन रईस और उसके परिवार वालों को यह बात इतनी नागवार गुजरी कि उन्होंने सोमवार को देर शाम बच्ची की हत्या का मुकदमा दर्ज करा दिया।