
10 अवैध असलों के साथ मुख्यमंत्री योगी के संगठन के नेता को पुलिस ने किया गिरफ्तार
गाजियाबाद. जिले की पुलिस ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संगठन हिंदू युवा वाहिनी के एक नेता को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, उसके कब्जे से 10 अवैध असले और भारी मात्रा में प्रतिबंधित कारतूस भी बरामद हुए हैं। इस नेता के साथ ही उसके दो साथी भी गिरफ्तार किए गए हैं । आरोप है कि इन लोगों ने कुछ दिन पहले गाजियाबाद के मोदीनगर में एक स्कूल में गोलीबारी की थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह एक विधायक पर भी कातिलाना हमला करने की तैयारी में थे।
यह भी पढ़ें- यहां पहुंची पुलिस तो ऐसी हालत में मिले युवक-युवतियां कि पुलिस वालों ने बंद कर ली आंखें, देखें वीडियो
पुलिस गिरफ्त में खड़ा यह शख्स है अमित त्यागी । गाजियाबाद के एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि अमित गाजियाबाद के मुरादनगर थाने का हिस्ट्रीशीटर है और अभी हाल फिलहाल में अमित ने गाजियाबाद के मोदीनगर में एक कॉन्वेंट स्कूल में अपने दो साथियों के साथ फायरिंग की थी। दरअसल मसला छात्रों के दो गुट के झगड़े का था, जिसके बाद अमित ने अपने साथियों के साथ जाकर वहां फायरिंग की थी। इस मामले में पुलिस पहले ही तीन नाबालिग छात्रों को गिरफ्तार कर चुकी है। लेकिन अमित फरार चल रहा था। रात में जब पुलिस ने अमित के ठिकाने पर दबिश दी तो अमित और उसके दो साथी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिए । हालांकी, इस मामले में सबसे ज्यादा चौंकने वाली बात ये है कि पुलिस को उसके कब्जे से हथियारों का जखीरा मिला है। इसके अलावा प्रतिबंधित कारतूस भी मिले हैं। मिली जानकारी के मुताबिक अमित त्यागी जिले के एक भारतीय जनता पार्टी के विधायक पर कातिलाना हमले की तैयारी में भी था, पुलिस इस मामले की भी जांच कर रही है।
वैभव कृष्ण एसएसपी गाजियाबाद ने बताया कि आरोपी ने कैमरे पर खुद बताया कि वह हिंदू युवा वाहिनी से जुड़ा हुआ है और उसने यह भी बताया कि वह जितेंद्र त्यागी का भाई है। आपको यह भी बता दें कि हाल ही में गाजियाबाद में हिंदू युवा वाहिनी के जिला अध्यक्ष जितेंद्र त्यागी को भी हवालात की हवा खानी पड़ी थी। क्योंकि, उसने भी हवा में हथियार लहराया था । गौरतलब है कि सीएम योगी के संगठन हिंदू युवा वाहिनी के नाम पर प्रदेश में लगातार गुंडागर्दी की जा रही है।
Published on:
11 Sep 2018, 5:48 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.