
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
गाजियाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा किसानों से बातचीत के रास्ते खुले होने पर भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने सोमवार की शाम अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जिस तरह से सभी किसानों ने एकता का परिचय दिया है, वह वाकई तारीफ के काबिल है और किसान अपने हक के लिए इसी तरह डटे रहें। सरकार अगर बातचीत करना चाहती है तो किसानों की कमेटी बात करेगी। किसानों का पंच और मंच उनके मुताबिक ही होना चाहिए।
इसके साथ ही उन्होंने साधु-संतों के पैर छूकर आशीर्वाद मांगा कि वह इस किसान आंदोलन को सफलता के शिखर तक ले जाएं। इस दौरान राकेश टिकैत ने यूपी गेट पर आंदोलन स्थल पर एक विशाल स्मारक बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस स्मारक को बनाने के लिए देश-विदेश से लेकर आए गए जल को चिनाई में शामिल किया जाएगा। साथ ही अलग-अलग जगह की मिट्टी का इस्तेमाल किया जाएगा।
यहां पर एक तिरंगा भी लगाया जाएगा। सरकार ने हम पर तिरंगे का अपमान करने का आरोप लगाया था। यहां तिरंगे को इतनी शान से लहराया जाएगा कि जब भी देश में कहीं पर किसान आंदोलन होगा, तो लोग यूपी गेट के किसान क्रांति स्मारक को याद अवश्य करेंगे।
टिकैत ने कहा कि किसान क्रांति इस मार्ग के लिए श्रद्धा अनुसार बड़ी संख्या में किसानों से मदद ली जाएगी और यह किसान क्रांति स्मारक इतना भव्य बनाया जाएगा कि दूरदराज के लोग भी इस स्मारक की प्रशंसा करेंगे और विदेश से आने वाले लोग भी इस स्मारक को देखने के लिए उत्सुक रहेंगे। इसका पूरी तरह प्रारूप तैयार किया जा रहा है। जिसका नक्शा जाने-माने इंजीनियरों से तैयार कराया जाएगा।
Published on:
09 Feb 2021 09:51 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
