
भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह। फोटो-ANI
Brij Bhushan Singh At Passport Office Gonda: उत्तर प्रदेश के गोंडा मुख्य डाकघर में खुले पासपोर्ट सेवा केंद्र का लाभ आम लोगों को मिलने लगा है। इसी क्रम में भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंहपासपोर्ट बनवाने के लिए सेवा केंद्र पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में केंद्र सरकार की इस पहल की सराहना की और इसे गोंडा वासियों के लिए बड़ी राहत बताया।
पत्रकारों से बातचीत में बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि यह बेहद खुशी की बात है कि जो सुविधा पहले लखनऊ में मिलती थी, वह अब गोंडा में ही उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि पहले पासपोर्ट बनवाने के लिए लोगों को एक दिन पहले लखनऊ जाना पड़ता था। वहां रात में रुकने के बाद अगले दिन पासपोर्ट संबंधी प्रक्रिया के लिए जाना होता था। इसके बावजूद यह तय नहीं होता था कि अगले दिन नंबर आएगा या नहीं। उनके मुताबिक, इस पूरी प्रक्रिया में लोगों का समय और पैसा दोनों खर्च होते थे।
पूर्व सांसद ने कहा कि पहली बार उनका इस पासपोर्ट कार्यालय में आना हुआ है। उन्होंने बताया कि पासपोर्ट सेवा केंद्र डाकखाने के पास ही है और वहां काम करने वाले कर्मचारी भी अपने ही लोग हैं। बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, "पहले सांसद रहने के दौरान मेरा डिप्लोमेटिक पासपोर्ट बनता था, लेकिन आज मैं एक आम आदमी की तरह यहां आकर अपना पासपोर्ट बनवा रहा हूं।"
बृजभूषण सिंह ने कहा कि गोंडा जैसे जिले के लिए पासपोर्ट सेवा केंद्र की सुविधा मील का पत्थर साबित होगी। इसका लाभ सिर्फ गोंडा ही नहीं, बल्कि बलरामपुर, बहराइच और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी मिलेगा। उन्होंने विशेष रूप से छात्रों, नौकरी के सिलसिले में विदेश जाने वाले युवाओं और मजदूर वर्ग के लोगों के लिए इस केंद्र को काफी उपयोगी बताया।
बृजभूषण शरण सिंह के सेवा केंद्र पहुंचने के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल भी तैनात रहा। इस दौरान कई अन्य अधिकारी और स्थानीय लोग भी पासपोर्ट कार्यालय में मौजूद रहे। पूर्व सांसद के बयान के बाद स्थानीय लोगों में भी पासपोर्ट सेवा केंद्र को लेकर उत्साह देखने को मिला।
गौरतलब है कि गोंडा प्रधान डाकघर परिसर में पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र पिछले कुछ महीनों से संचालित हो रहा है। यहां नए पासपोर्ट बनवाने के साथ-साथ पासपोर्ट नवीनीकरण की सुविधा भी उपलब्ध है।
Updated on:
08 Sept 2026 05:29 pm
Published on:
08 Sept 2026 05:29 pm
