
गोंडा एसपी अभिषेक झा फोटो सोर्स x पुलिस अकाउंट
Gonda Police:गोंडा में नए पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने कार्यभार संभालते ही पुलिसिंग को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। परसपुर थाने से आरोपी के फरार होने के मामले में कार्रवाई के बाद अब जिले के 30 उपनिरीक्षकों को पुलिस लाइन से निकालकर अलग-अलग थानों में तैनाती दी गई है। एसपी के इस कदम को जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और थानों की पुलिसिंग बेहतर करने से जोड़कर देखा जा रहा है।
गोंडा में पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा के कार्यभार संभालने के बाद पुलिस महकमे में बदलाव और कार्रवाई का दौर शुरू हो गया है। एसपी ने साफ संकेत दिया है कि जिले में कानून-व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी में लापरवाही करते हैं। तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। इसकी शुरुआत परसपुर थाने से हुई। यहां तीन मुकदमों में वांछित आरोपी आलोक सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी थाने से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने करीब 24 घंटे के भीतर उसे दोबारा पकड़ लिया। लेकिन थाने से आरोपी के भागने की घटना को एसपी ने गंभीरता से लिया।
मामले में चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया। इसके अलावा थाने के एसओ, एसआई और हेड मोहर्रिर की भूमिका की भी जांच शुरू हो गई है। तीन होमगार्ड और एक पीआरडी जवान के खिलाफ भी कार्रवाई की संस्तुति की गई। इस कार्रवाई से एसपी ने पुलिसकर्मियों को स्पष्ट संदेश दिया कि ड्यूटी में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं होगी।
इसी क्रम में अब एसपी ने जिले की पुलिसिंग को और मजबूत करने के लिए 30 उपनिरीक्षकों को पुलिस लाइन से निकालकर थानों में तैनात किया है। इन उपनिरीक्षकों को अलग-अलग थानों में जिम्मेदारी दी गई है। माना जा रहा है कि इससे थानों में पुलिस बल की सक्रियता बढ़ेगी। अपराध नियंत्रण के साथ कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
एसपी के इस कदम का मकसद पुलिस की फील्डिंग को मजबूत करना और आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा देना है। थानों में नई तैनाती पाने वाले उपनिरीक्षकों से उम्मीद है कि वे निष्पक्ष तरीके से काम करेंगे। बिना किसी दबाव, भेदभाव या लालच के अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।
कुल मिलाकर एसपी अभिषेक झा के शुरुआती फैसलों से यह संदेश साफ है कि में पुलिसिंग में लापरवाही पर कार्रवाई होगी। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
Updated on:
01 Sept 2026 09:09 am
Published on:
01 Sept 2026 09:09 am
