29 जुलाई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Gorakhpur News: महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय को मिला नया कुलपति, डॉ. भूपेश के. गोयल ने संभाली जिम्मेदारी

Dr. Bhupesh K. Goyal: गोरखपुर के महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय को नया कुलपति मिल गया है। लेफ्टिनेंट जनरल (Retire) डॉ. भूपेश के. गोयल को विश्वविद्यालय का नया कुलपति नियुक्त किया गया है।
2 min read
Google source verification
Mahayogi Gorakhnath University, Gorakhpur News, Dr Bhupesh K Goyal, UP News, Gorakhnath University Vice Chancellor, महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय, गोरखपुर समाचार, डॉ. भूपेश के गोयल, यूपी न्युज, Gorakhnath University

लेफ्टिनेंट जनरल डॉ. भूपेश के. गोयल (फोटो- पत्रिका)

Mahayogi Gorakhnath University Vice Chancellor: महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय गोरखपुर को नया कुलपति मिल गया है। लेफ्टिनेंट जनरल (Retire) डॉ. भूपेश के. गोयल को विश्वविद्यालय का नया कुलपति नियुक्त किया गया है। वे वर्तमान कुलपति डॉ. सुरिंदरसिंह का स्थान लेंगे। उनकी नियुक्ति उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय अधिनियम-2019 और विश्वविद्यालय के प्रथम परिनियम की धारा 2.04(क) के तहत कुलाधिपति की स्वीकृति के बाद की गई है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. प्रदीप राव ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ इस विश्वविद्यालय के कुलाधिपति हैं। उनकी स्वीकृति के बाद जारी आदेश के अनुसार डॉ. गोयल का कार्यकाल कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से 5 साल या अगले आदेश तक रहेगा।

सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा में रहा है लंबा अनुभव

डॉ. भूपेश के. गोयल भारतीय सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा के वरिष्ठ अधिकारी रहे हैं। अपनी सेवानिवृत्ति से पहले उन्होंने महानिदेशक (ऑर्गेनाइजेशन एंड पर्सोनल) के रूप में काम करते हुए 14 हजार से अधिक अधिकारियों के मानव संसाधन प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाली थी। इससे पहले वे पुणे स्थित 1082 बेड के कमांड हॉस्पिटल (सदर्न कमांड) और दिल्ली तथा बागडोगरा सहित कई प्रमुख सैन्य अस्पतालों का सफल नेतृत्व भी कर चुके हैं।

स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ के तौर पर डॉ. गोयल को 35 साल से अधिक का चिकित्सकीय अनुभव है। इसके अलावा उनके पास राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के मानकों के अनुसार 28 वर्ष से अधिक का शिक्षण अनुभव भी है। उन्होंने 11 शोध परियोजनाओं का सफलतापूर्वक संचालन किया है और उनके 28 शोध पत्र भी प्रकाशित हो चुके हैं। वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में विशेषज्ञ वक्ता के रूप में भी अपनी पहचान बना चुके हैं।

राष्ट्रपति से मिल चुका है सम्मान

डॉ. गोयल की उत्कृष्ट सेवाओं को देखते हुए उन्हें साल 2024 में राष्ट्रपति द्वारा अति विशिष्ट सेवा पदक और साल 2011 में विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया जा चुका है। उनके नेतृत्व में पुणे के कमांड हॉस्पिटल को रक्षा मंत्री ट्रॉफी सहित कई बड़े सम्मान मिल चुके हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन को पूरा भरोसा है कि डॉ. गोयल के प्रशासनिक और शैक्षणिक अनुभव से महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छुएगा।