
फोटो सोर्स: पत्रिका, CDO शाश्वत त्रिपुरारी
विकसित भारत-2047 के सपने को साकार करने की दिशा में गोरखपुर जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी ने बताया कि विकसित उत्तर प्रदेश 2047 अभियान के तहत आम जनमानस से क्यूआर कोड के माध्यम से सुझाव प्राप्त किए जा रहे हैं। इस पहल में गोरखपुर ने प्रदेश के टॉप टेन जिलों में जगह बनाते हुए छठवां स्थान प्राप्त किया है।
सीडीओ ने बताया कि 5 अक्टूबर 2025 तक गोरखपुर जिले के 81,750 नागरिकों ने अपने बहुमूल्य सुझाव साझा किए हैं। इनमें ग्रामीण क्षेत्रों से 66,525 और शहरी क्षेत्रों से 15,225 लोगों ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार भेजे हैं। उन्होंने कहा कि यह सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि गोरखपुर के लोग विकास की दिशा में जागरूक और संकल्पित हैं।
शाश्वत त्रिपुरारी ने बताया कि आम जनता ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तिकरण, कृषि, बुनियादी ढांचा और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर अपने सुझाव दिए हैं। उन्होंने कहा कि “गोरखपुर का टॉप टेन में आना यहां के नागरिकों की जागरूकता और विकास के प्रति सकारात्मक सोच का परिणाम है।”
सीडीओ ने सभी नागरिकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि जिले के लोग जिस उत्साह से अभियान में भाग ले रहे हैं, उससे गोरखपुर निश्चित रूप से प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल होगा। उन्होंने यह भी अपील की कि जो लोग अभी तक अपने सुझाव नहीं दे पाए हैं, वे क्यूआर कोड स्कैन कर अपनी राय अवश्य साझा करें ताकि गोरखपुर के विकास मॉडल को और मजबूत बनाया जा सके। इस उपलब्धि से जिले में उत्साह का माहौल है और प्रशासन ने इसे जनसहभागिता की बड़ी सफलता माना है।
Updated on:
06 Oct 2025 04:07 pm
Published on:
06 Oct 2025 04:07 pm
