
anganwadi worker snake bite death superstition jhad phoonk, एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर
Guna Snake Bite Death: मध्यप्रदेश के गुना जिले में अंधविश्वास की वजह से सांप के डसने से एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौत हो गई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को सांप के डसने के बाद परिजन अस्पताल ले जाने की जगह झाड़-फूंक कराने के लिए ले गए। करीब तीन घंटे तक झाड़-फूंक कराते रहे और जब तबीयत ज्यादा बिगड़ने लगी तो अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को मृत घोषित कर दिया।
गुना जिले के बमोरी के चाकरी गांव में बीती शाम करीब 7 बजे बिजली कटौती के दौरान अंधेरा छाया हुआ था। तभी गांव के भानजी पुत्रा बाला भील अपने घर के बाहर बैठे हुए थे और उनकी पत्नी सीताबाई 45 साल (आंगनबाड़ी कार्यकर्ता) घर के अंदर लेटी हुईं थीं। अंधेरा होने पर जब सीताबाई घर से निकलकर बाहर आ रहीं थीं, तभी उन्हें बाएं पैर में पंजे के पास सांप ने डस लिया। सांप के डसते ही सीताबाई ने शोर मचाया और तुरंत पति मोबाइल का टॉर्च जलाकर अंदर पहुंचे तो उन्हें कमरे में एक काला सांप दिखाई दिया।
सांप के काटने के बाद सीताबाई को चक्कर आने लगे और उनकी स्थिति बिगड़ने लगी। पति ने तुरंत आसपास के लोगों को बुलाया और किराए के वाहन से दो अलग-अलग तांत्रिकों के पास झाड़-फूंक कराने ले गए। दोनों जगह करीब 3 घंटे तक झाड़-फूंक कराने के बाद भी जब सीताबाई को आराम नहीं लगा और तबीयत बिगड़ती गई तो रात 10 बजे परिजन उन्हें बमोरी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
बमोरी अस्पताल में ड्यूटी डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित करने के बाद परिजनों से कहा कि, यदि सांप के डसने के तुरंत बाद अस्पताल लाते तो शायद जान बच सकती थी। इसके बाद परिजन महिला को गुना जिला अस्पताल लेकर आए। जहां मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में लिया है। मृतका के एक बेटा व पांच बेटियों सहित कुल छह बच्चे हैं।
Updated on:
28 Jul 2026 07:29 pm
Published on:
28 Jul 2026 07:29 pm
