
MP Election 2023 : गुना विधानसभा में 71.52% मतदान, कांग्रेस के युवा के सामने भाजपा ने उतारे 72 साल के उम्मीदवार
मध्य प्रदेश ग्वालियर संभाग के अंतर्गत आने वाले गुना जिले की आरक्षित गुना विधानसभा सीट प्रदेश की सबसे चर्चित सीटों में से एक है। इस सीट की सियासी हलचल पर प्रदेश ही नहीं बल्कि देशभर की निगाहें टिकी रहती हैं। गुना विधानसभा सीट अनुसूचित जाति के लिए रिजर्व है। गुना सीट पर भाजपा के गोपाल जाटव विधायक हैं। वहीं, मौजूदा समय की बात करें तो भाजपा ने इस सीट पर अपने पूर्व विधायक पन्ना लाल शाक्य को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, कांग्रेस ने इस सीट पर पंकज कनेरिया को उम्मीदवारी सौंपी है।
17 नवंबर को संपन्न हुए चुनाव में गुना विधानसभा सीट पर 71.52 फीसदी की वोटिंग दर्ज की गई है। वहीं, बात करें 2018 के वोट प्रतिशत की तो पिछली बार इस सीट पर 71.21 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि 2013 में यहां 68.41 प्रतिशत वोट पड़े थे। देखना दिलचस्प होगा कि इस बार जनता इस सीट से किस उम्मीदवार को चुनकर मध्य प्रदेश की विधानसभा पहुंचाती है।
विधानसभा के समीकरण
2018 के विधानसभा चुनाव में गुना सीट पर 14 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला हुआ था। हालांकि, भाजपा और कांग्रेस उस चुनाव में मुख्य प्रतिद्वंदी थे। उस बार भाजपा के गोपीलाल जाटव को 84,149 वोट मिले तो कांग्रेस के चंद्र प्रकाश अहिरवार को 50,482 वोट आए। एकतरफा मुकाबले में गोपीलाल ने 33,667 मतों के अंतर से चुनाव जीते थे।
भाजपा के पन्नालाल शाक्य
इस सीट पर भाजपा ने मौजूदा विधायक गोपीलाल जाटव का टिकट काटकर पूर्व विधायक 72 वर्षीय पन्नालाल शाक्य को टिकट दिया है। सिंधिया के गढ़ वाली इस सीट पर टिकट को लेकर मूल भाजपा और सिंधिया भाजपा के नेताओं के बीच वर्चस्व की लड़ाई देखने को मिली थी। लेकिन लंबी जद्दोजहद के बाद आखिरकार टिकट मूल भाजपा कार्यकर्ता को मिला।
यह भी पढ़ें- mp election 2023 : पिछोर विधानसभा सीट पर मुकाबला लोधी vs लोधी, जानें समीकरण
कांग्रेस के पंकज कनेरिया
कांग्रेस पार्टी ने इस बार चुनाव में गुना विधानसभा सीट पर अपने युवा चेहरे 35 वर्षीय पंकज कनेरिया को चुनावी मैदान में उम्मीदवार बनाकर उतारा है।
गुना विधानसभा के मतदाता
गुना का विधानसभा क्रमांक 29 है। विधानसभा में कुल मतदाताओं की संख्या 2 लाख 35 हजार 296 है। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 1 लाख 21 हजार 245 है, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 1 लाख 14 हजार 41 है।
गुना विधानसभा की जनता की आवाज
- गुना विधानसभा के लोग शहरी क्षेत्र की गुना नगर पालिका को नगर निगम बनाए जाने का इंतजार कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि गुना नगर पालिका को नगर निगम में बदल दिया जाए तो यहां का विकास की संभावनाएं बढ़ जाएंगी।
- शहर की ज्वलंत समस्या यातायात व्यवस्था की है। चौराहों पर भी सिग्नल का अभाव है। शहरभर में सिर्फ हनुमान चौराहे पर सिग्नल है, लेकिन वो भी महीने में बीस दिन बंद रहता है।
- सड़कों पर अतिक्रमण और आवारा मवेशियों के सड़क पर घूमने और बैठे रहने की समस्या भी बहुत बड़ी है। ये रोजाना के हादसों का कारण बन रहे हैं।
- हाट रोड पर चल रहे सीवर प्रोजेक्ट के कारण सड़कें जर्जर हो गई हैं। जरा सी बारिश होने पर गड्डे नुमा सड़कें पानी से लबालब हो जाती हैं।
- गुना में सबसे बड़ी जरूरत मेडिकल कॉलेज और रिंग रोड की है। मेडिकल कॉलेज के अभाव में लोगों को अच्छा इलाज कराने के लिए इंदौर, भोपाल और ग्वालियर जाना पड़ता है।
- बजरंगगढ़ में बीस भुजी माता मंदिर है, जहां कॉरिडोर बनाए जाने की कवायद चल रही है। बजरंगगढ़ किले को पर्यटन के हिसाब से विकसित किए जाने की दरकार है।
- हिलगना में बिजली की केबल जैसी पाइप लाइन से पानी सप्लाई होता है। इसका गांव वालों से दबंग पैसा वसूलते हैं।
- यहां एक बड़ी समस्या रेलवे अंडर ब्रिज भी है। बारिश के समय खेजरा, बांसखेड़ी जैसे अंडर ब्रिज पानी से भर जाते हैं जहां से निकलना मुश्किल हो जाता है।
- लाड़ली बहना योजना को लेकर महिलाओं में खुशी है। लेकिन महिलाओं को अब किस्त के तीन हजार रुपए मिलने का इंतजार है। महिलाओं का ये भी कहना है कि वैसे सरकार को बिजली बिल और सिलेंडर के दाम घटाने चाहिए।
- गुना शहर में बिजली आती जाती रहती है। सरकार को इस समस्या का निराकरण करना चाहिए।
इस बार हर सीट पर कांटे की टक्कर
6 जनवरी 2024 को मध्यप्रदेश विधानसभा का कार्यकाल पूरा हो जाएगा। उससे पहले 3 दिसंबर को चुनाव आयोग नई विधानसभा के गठन की प्रक्रिया को पूरा कर लेगा। 17 नवंबर को पूरे प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के लिए बीजेपी और कांग्रेस ने सभी 230 सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। चुनाव से पहले अबतक सामने आए सर्वेक्षणों में ये पता चला है कि इस बार मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान कांग्रेस और भाजपा के बीच हर सीट पर कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी।
Updated on:
02 Dec 2023 08:43 pm
Published on:
05 Nov 2023 03:11 pm
बड़ी खबरें
View Allगुना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
