
गुना में मुसलाधार बारिश : जिले 150 से ज्यादा गांवों में भरा पानी, राजस्थान से संपर्क टूटा, टापू में तब्दील हुए कई गांव
गुना/ मध्य प्रदेश के अधिकतर जिलों में भारी बारिश का सिलसिला जारी है, जिसके चलते जगह-जगह बाढ़ के हालात बने हुए हैं। बमोरी इलाके में पार्वती, सिंध और कूनो नदी उफान पर हैं। यही वजह है कि, जिले के अंतर्गत आने वाले 150 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में हैं। साथ ही, NDRF और SDRF की टीमे भी रेस्क्यू के लिये तैयार हैं, लेकिन नदी उफान पर होने के कारण अधिकतर इलाकों में रेस्क्यू कार्य नहीं हो पा रहा है। बता दें कि, बीते 24 घंटों के दौरान जिले में 106 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। दरअसल, मानसून के सिस्टम के दक्षिण बिहार से यूपी तरफ शिफ्ट होने से जिले में ये हालात उत्पन्न हुए हैं।
पढ़ें ये खास खबर- बाढ़ में घिरे 250 से अधिक गांव, शिवराज सरकार ने मांगी वायुसेना की मदद
150 से ज्यादा गांव बाढ़ में घिरे, राजस्थान का हाईवे भी बंद
आपको बता दें कि, पिछले 24 घंटों के दौरान 106 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है, जबकि बारिश का सिलसिला अब भी जारी है। बमोरी इलाके में पार्वती, सिंध और कूनो नदी उफान पर हैं, जिसके चलते जिले में आने वाले करीब 150 गांवों से शहर और कस्बों का संपर्क कट गया है। ढीमरपुरा के रास्ते में नदी उफान पर होने से प्रशासनिक मदद नहीं पहुंच जा पा रही है।
मकान की दीवार ढही, बच्चे की मौत
विशनवाड़ा क्षेत्र का संपर्क भी टूट गया है। इस इलाके में 8 गांव के लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं। राजस्थान जाने का रास्ता बंद हो गया है। वहीं, शहर से 12 किमी दूर नयागांव में रविवार रात गोपाल लोधा नामक युवक का कच्चे मकान की दीवार ढह गई, जिसमें दबकर उनके साढ़े तीन वर्षीय बेटे नक्श की मौत हो गई।
कहां कितनी बारिश
बता दें कि, पिछले 24 घंटों के दौरान अशोकनगर जिले के चंदेरी में 5 इंच बारिश दर्ज की गई है, जबकि ईसागढ़ में 4 इंच, गुना शहर में 4 इंच बारिश दर्ज की जा रही है।
Published on:
2 Aug 2021, 6:35 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.