
प्रशासन की सख्ती या ढील, खदानें बंद फिर भी धड़ल्ले से बिक रही रेत
शिवपुरी/ग्वालियर. सभी रेत खदानें मायनिंग विभाग के अनुसार बंद है, बावजूद इसके जिला मुख्यालय पर जगह-जगह रेत के फड़ लगे हुए हैं। इतना ही नहीं फर्जी रायल्टी रसीद के नाम से ही रेत का अवैध उत्खनन व परिवहन करके बाजार में बेचा जा रहा है। वहंीं ग्वालियर कलेक्टर के सख्त निर्देश के कारण रेत के ठिकाने वाले सब डिवीजनों के एसडीएम ने कार्रवाई की और अवैध रेत के वाहन पकड़े। प्रतिबंध की अवधि में कलेक्टर ने हाल ही में अवैध उत्खनन करने वालों को तत्काल धरपकड़ के आदेश दिए थे। बावजूद इसके अवैध रेत के खनन का खेल बेखौफ होकर चल रहा है।
शिवपुरी जिले में यूं तो 10 रेत खदानें हैं, लेकिन किसी भी खदान का टेंडर न होने की वजह से यह मायनिंग विभाग की नजर में अभी बंद हैं। जबकि इन सभी खदानों से रेत का अवैध उत्खनन किया जाकर हर दिन दर्जनों रेत के डंपर शिवपुरी मुख्यालय पर ही आ रहे हैं। बड़ा सवाल यह है कि जब जिले की सभी रेत खदानें बंद हैं तो फिर यहां आने वाली रेत की जांच क्यों नहीं की जा रही?। हालांकि मायनिंग विभाग के जिम्मेदार यह कहकर पल्ला झाड़ रहे हैं कि उनके पास दतिया व ग्वालियर की रायल्टी रहती है।
दस में से 5 करैरा में व तीन खदानें नरवर क्षेत्र में
मायनिंग विभाग से जिन रेत खदानों के रायल्टी रसीद कट्टे जारी होते हैं, उनकी संख्या कुल 10 है। इनमें से पांच रेत खदानें करैरा क्षेत्र में हैं, जिनमें छितीपुर, सिरसोना, कल्याणपुर, कुम्हरौआ व मछावली शामिल हैं। जबकि नरवर क्षेत्र की 3 रेत खदानें पनानहर, केरुआ, खिरिया सुनवई हैं। पिछोर में महोबा डामरोन तथा खनियांधाना में सिनावलकलां के नाम से रेत खदान मायनिंग विभाग में पंजीकृत है।
शिवपुरी की रेत, दतिया की रॉयल्टी
शिवपुरी जिले की रेत खदानें भले ही मायनिंग विभाग की नजर में बंद हों, लेकिन इन सभी स्थानों से रेत का अवैध उत्खनन व परिवहन लगातार जारी है। करैरा अभ्यारण्य क्षेत्र के रिजर्व फोरेस्ट एरिया से सिंध व महुअर नदी के किनारों पर रेत का अवैध उत्खनन व परिवहन करके उसे दतिया जिले के ग्राम भांसड़ा व लमकना पर बेरियर लगाकर निकाला जा रहा है। इतना ही नहीं जब कभी चेकिंग में काम आने वाली रायल्टी रसीद दतिया की दी जा रही हैं, जबकि रेत शिवपुरी जिले की खदानों से निकाली जा रही है।
ग्वालियर में भी कलेक्टर कर चुके हैं सख्ती
वहीं ग्वालियर कलेक्टर के सख्त निर्देश के कारण रेत के ठिकाने वाले सब डिवीजनों के एसडीएम ने कार्रवाई की और अवैध रेत के वाहन पकड़े। प्रतिबंध की अवधि में कलेक्टर ने हाल ही में अवैध उत्खनन करने वालों को तत्काल धरपकड़ के आदेश दिए थे। बावजूद इसके अवैध रेत के खनन का खेल बेखौफ होकर चल रहा है।
करैरा अभयारण्य पर मफिया हावी
करैरा अभ्यारण्य में आने वाले ग्रामों में विकास कार्य व जमीनों की खरीद-फरोख्त इसलिए प्रतिबंधित है, क्योंकि यहां रिजर्व फोरेस्ट है। इसके विपरीत रेत माफिया बेखौफ अंदाज में न केवल रेत का अवैध उत्खनन कर रहे हैं, बल्कि जब अभ्यारण्य की टीम उन्हें पकड़ती है तो वे सरेराह उन्हें हथियार दिखाकर व मारपीट करके अपनी ट्रैक्टर ट्रॉलियां छुड़ाकर ले जाते हैं। बुधवार को करैरा के ग्राम गधाई में हुए इस घटनाक्रम ने बेखौफ माफिया राज को उजागर कर दिया।
दतिया-ग्वालियर से आ रही रेत
शिवपुरी जिले की सभी रेत खदानें बंद हैं, क्योंकि बीते 25 दिसंबर को सिंगल टेंडर की वजह से ओपन नहीं किया। जो रेत शिवपुरी आ रही है वो दतिया व ग्वालियर की रायल्टी रसीद लेकर आ रही हैं, यदि शिवपुरी में कहीं उत्खनन हो रहा है, तो हम उसका पता करवाते हैं।
आरपी भदकारिया, जिला खनिज अधिकारी
Updated on:
21 Jan 2022, 1:33 AM IST
Published on:
21 Jan 2022, 1:33 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.