
college girl student suicide attempt mother save life, एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर
Gwalior College Student Suicide Attempt: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक 22 वर्षीय कॉलेज छात्रा ने आत्महत्या करने की कोशिश की, गनीमत रही कि छात्रा की मां सही वक्त पर छात्रा के कमरे में पहुंच गई और तुरंत बेटी को बचाकर अस्पताल लेकर पहुंची। अस्पताल में कुछ दिन तक चले इलाज के बाद अब छात्रा पूरी तरह से स्वस्थ है और उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद जब मां ने बेटी से आत्महत्या करने का कारण पूछा तो बेटी की आपबीती सुनकर मां हैरान रह गई और तुरंत उसे अपने साथ थाने लेकर पहुंची।
ग्वालियर के हजीरा थाना क्षेत्र में रहने वाली 22 वर्षीय युवती ने 19 जुलाई को अपने घर में दो अलग-अलग तरीकों से आत्महत्या करने की कोशिश की, लेकिन वक्त पर मां के कमरे में पहुंचने और उसे अस्पताल ले जाने से छात्रा की जान बच गई। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद बेटी ने मां को बताया कि एक युवक ने प्यार के जाल में फंसाकर उसका शारीरिक शोषण किया है और अब फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है।
पीड़ित युवती ने मां के साथ थाने पहुंचकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। अपनी शिकायत में पीड़िता ने बताया है कि उसकी दोस्ती करीब एक साल पहले महाराजपुरा की कृष्णा विहार कॉलोनी में रहने वाले रवि राठौर से हुई थी। फिर रवि ने उससे प्यार का इजहार किया और 20 दिसंबर 2025 की रात जब वो घर पर अकेली थी तो रवि घर पर आया और शादी का भरोसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद लगातार रवि शादी का भरोसा देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
पीड़िता ने बताया कि बीते दिनों जब उसने रवि पर शादी के लिए दबाव बनाया तो रवि ने शादी करने से इंकार कर दिया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने धमकाया कि अगर किसी को कुछ बताया या फिर पुलिस में शिकायत की तो अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम कर देगा। पीड़िता के मुताबित बीते दिनों कॉलेज से परीक्षा देते वक्त लौटते समय भी आरोपी ने उसका रास्ता रोका और बदनाम करने की धमकी दी। वो आरोपी की धमकी से डर गई थी और इसीलिए उसने आत्महत्या करने की कोशिश की। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। फिलहाल आरोपी फरार है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
Updated on:
28 Jul 2026 05:26 pm
Published on:
28 Jul 2026 05:26 pm
