
Gwalior News :मध्य प्रदेश के ग्वालियर के मुरार थाना इलाके में एक सनकी युवक ने मंदिर में जमकर उत्पात मचाया है। युवक ने भोलेनाथ के मंदिर में घुसकर न सिर्फ मूर्तियों की तोड़फोड़ की, बल्कि शिवलिंग तोड़कर मंदिर से बाहर ही फेंक दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी मंदिर के जीर्णोद्धार को रोकने आया था। फिलहाल, मंदिर जीर्णोद्धार करा रहे अरुण मौर्य की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी परमाल सिंह जाटव के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।
हैरान कर देने वाली घटना शहर के हरदेव सिंह की टाल इलाके में घटी है। इलाके में रहने वाले अरुण मौर्य घर के पास मौजूद पुराने शिव मंदिर का जीर्णोद्धार करा रहे थे। आरोप है कि, इसी दौरान मंदिर के पड़ोस में रहने वाले परमाल जाटव ने विवाद शुरू कर दिया। वो मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य का विरोध कर रहा था। देखते ही देखते आरोपी मंदिर के अंदर घुसा और मूर्तियां तोड़नी शुरु कर दीं। यही नहीं, उसने मंदिर में स्थापित शिवलिंग को पहले तो तोड़ा, फिर उसे उठाकर मंदिर से बाहर फेंक दिया। यही नहीं, आरोपी उस दौरान भोलेनाथ को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी भी कर रहा था।
आरोपी की करतूत को देखकर जब आसपास रहने वाले लोगों ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने उनके साथ भी गालीगलौज शुरु कर दी। यही नहीं, आरोपी परमाल सिंह जाटव ने मंदिर का जीर्णोद्धार करा रहे अरुण मोर्य को भी दोबारा काम शुरु कराने पर जान से मारने की धमकी दी। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया है।
वीडियो के जरिए घटनाक्रम सामने आने के बाद क्षेत्र हिन्दू संगठनों ने भी अपना विरोध दर्ज कराया। धार्मिक भावनाएं आहत होने पर अरुण मौर्य की शिकायत पर पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले परमाल सिंह जाटव के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है।
Published on:
15 Feb 2025 05:02 pm
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
