
Home Minister Amit Shah:मेला मैदान में 1 लाख लोगों के जमावड़े के लिए आज से आकार लेना शुरू कर देगा डोम
ग्वालियर। राजमाता विजयाराजे विमानतल के नए टर्मिनल का उद्घाटन करने के लिए 16 अक्टूबर को केन्द्रीय मंत्री अमित शाह आएंगे। मंत्री की मौजूदगी में होने वाले कार्यक्रम मेंं स्थानीय प्रशासन 1 लाख लोगों की भीड़ को बैठाने का इंतजाम कर रहा है। भीड़ की बैठक व्यवस्था का काम आगरा की जीकेएस प्रोजेक्ट एंड इवेंट कंपनी को दिया गया है। कंपनी के कर्मचारियों ने गुरुवार से डोम लगाने के लिए अपनी तैयारी शुरू कर दी। ग्राउंड मेंं वाहन खड़े करने के लिए छह पार्किंग निर्धारित की जा रही हैं। जबकि कचरा प्लांट के सामने स्टेज बनेगी। यहां से इंद्रमणि नगर की ओर की बाउंड्री से लेकर सामने संस्कृति गार्डन तक भीड़ के लिए इंतजाम रहेगा। इसके अलावा ग्रहमंत्री के लिए 12.5 किलोमीटर मार्ग को विशेष सुरक्षा में रखा जाएगा। यह व्यवस्था की जा रही है कि रेसकोर्स रोड, मुरैना रोड और स्टेशन एवं बस स्टैंड से निकलने वाला सामान्य यातायात प्रभावित न हो। पूरी व्यवस्था के लिए स्थानीय प्लान लगभग तैयार हो गया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया इस प्लान की समीक्षा करके फाइनल स्वीकृति देंगे।
12 किलोमीटर रोड पर रहेगा कड़ा पहरा
-एयरपोर्ट से मेला ग्राउंड तक 8.2 किलोमीटर और मेला ग्राउंड से जय विलास पैलेस तक 5.5 किलोमीटर मार्ग पूरी तरह से सुरक्षा घेरे मेंं रखा जाएगा। इसके अलावा जय विलास पैलेस से वापसी के समय एयरपोर्ट तक 12.5 किलोमीटर मार्ग सुरक्षा घेरे मेंं रहेगा।
यह रहेगा संभावित रूट
-ग्रहमंत्री को कार्यक्रम स्थल तक लाने के लिए एयरपोर्ट तिराहे से गोला का मंदिर चौराहा, गोला का मंदिर चौराहे से सात नंबर चौराहा सर्किट हाउस तक वीवीआईपी रूट रहेगा। ग्रहमंत्री को कार्यक्रम स्थल तक लाने के लिए सांची दुग्ध संघ के बगल में से इंद्रमणि नगर तिराहे के सामने से मेला मैदान में प्रवेश कराया जाएगा, ताकि रेसकोर्स रोड का सामान्य यातायात बाधित न हो।
-मेला ग्राउंड मेंंं होने वाली सभा के बाद ग्रहमंत्री दुल्लपुर तिराहा, सूर्य नमस्कार तिराहा, आकाशवाणी भवन, तानसेन रोड, पड़ाव न्यू ब्रिज होकर मोतीमहल रोड से जय विलास पहुंचेंगे।
वीआईपी कार्यक्रम लगभग तैयार
-केन्द्रीय ग्रहमंत्री अमित शाह के अलावा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह सभी को संबोधित करेंगे। इसके अलावा शहर से प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, सांसद विवेक शेजवलकर भी मंच से उद्बोधन करेंगे।
-मंच पर केन्द्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री के अलावा फ्रंट रो में महापौर डॉ शोभा सिकरवार के अलावा प्रदेश के ऊर्जा मंत्री, ग्रहमंत्री, खेल एवं युवक कल्याण मंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, जिले के प्रभारी मंत्री, ग्वालियर सांसद, राजस्व मंत्री, सहकारिता मंत्री, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री को बैठने का मौका मिलेगा।
-इसके अलावा बीज निगम अध्यक्ष, प्रदेश के नगरीय विकास राज्यमंत्री, उद्यानिकी राज्यमंत्री, गुना-शिवपुरी सांसद, पीडल्यूडी राज्यमंत्री, लघु उद्योग निगम अध्यक्ष, ग्वालियर पूर्व विधायक के लिए जगह रहेगी। इसके अलावा भाजपा की ग्रामीण और शहरी इकाई के लिए जिलाध्यक्ष भी मंच पर रहेंगे।
Updated on:
7 Oct 2022, 1:34 AM IST
Published on:
7 Oct 2022, 1:18 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.